मुंगेर: बरियारपुर प्रखंड की उप प्रमुख गीता देवी ने मुंगेर से राजद के वर्तमान एमएलसी संजय प्रसाद पर फोन पर धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है. उन्होंने जिलाधिकारी सह निर्वाची पदाधिकारी अमरेंद्र प्रसाद सिंह को ज्ञापन देकर उनसे अपने परिवार के जान-माल की सुरक्षा का गुहार लगाया है.
मेरे खिलाफ प्रचार प्रसार करेंगे, तो अच्छा नहीं होगा : उप प्रमुख गीता देवी ने कहा है कि 29 जून सोमवार को मोबाइल नंबर 9955665555 से संजय प्रसाद ने मेरे मोबाइल पर कॉल किया. जैसे ही मैंने कॉल रिसीव किया तो वे कहने लगे कि आप मेरे खिलाफ चुनाव प्रचार क्यों कर रही हैं. मैंने कहा कि मैं तो एनडीए प्रत्याशी अविनाश कुमार विद्यार्थी उर्फ मुकेश यादव के पक्ष में चुनाव प्रचार कर रही हूं. इस पर उन्होंने कहा कि आप मुङो वोट मत दीजिए. एक वोट से कुछ नहीं बिगड़ेगा.लेकिन आप मुकेश यादव के पक्ष में चुनाव प्रचार नहीं करें. क्योंकि मेरा माहौल बिगड़ रहा है. अपने पति को समझा दीजिए कि चुपचाप रहें. अगर इधर-उधर मेरे खिलाफ प्रचार प्रसार करेंगे तो अच्छा नहीं होगा. ज्यादा हाथ पैर हिलाइयेगा तो आपके पति का हाथ पैर तोड़ कर सड़क पर फेंक दिया जायेगा. उन्होंने जिलाधिकारी से अपने पति के जान-माल की सुरक्षा प्रदान करने की मांग करते हुए दोषी पर कार्रवाई की मांग की.
फोन किया था. उप प्रमुख के पति किशोर कुमार गुप्ता से बात हुई थी. उनसे विधान परिषद चुनाव में वोट देने की अपील की थी. धमकी देने का आरोप निराधार है. संजय प्रसाद, एमएलसी
उप-प्रमुख का आवेदन प्राप्त हुआ है. मामले की जांच के लिए एसपी को आवेदन दे दिया गया है.
अमरेंद्र कुमार सिंह, डीएम, मुंगेर
