हवेली खड़गपुर / टेटियाबंबर / संग्रामपुर: भाकपा माओवादी नक्सली संगठन द्वारा आहूत हवेली खड़गपुर अनुमंडल में मिला-जुला असर रहा. मुख्यालय बाजार जहां खुले रहे वहीं धपड़ी मोड़, रायपुरा एवं गंगटा मोड़ की सभी दुकानें बंद रही. यात्री वाहनों का परिचालन खड़गपुर-बरियारपुर, खड़गपुर-गंगटा एवं गंगटा-संग्रामपुर मुख्य मार्ग में ठप रहा.
यात्रियों को एक स्थान से दूसरे स्थान तक जाने के लिए जुगाड़ गाड़ी का सहारा लेना पड़ा. नक्सली बंदी को लेकर खड़गपुर अनुमंडल पुलिस, शामपुर थाना पुलिस सहित सीआरपीएफ के जवान, रैपिड एक्शन फोर्स के जवान व बीएमपी के जवान को सुरक्षा व्यवस्था एवं गश्ती व छापेमारी में लगाया गया.
खड़गपुर थानाध्यक्ष राजेश शरण ने बताया कि बंद को ध्यान में रख कर सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किये गये हैं एवं जवानों को गश्ती एवं छापेमारी में लगाया गया है. रणनीति के तहत नक्सलियों के विरुद्ध पिछले दो दिनों से अभियान चलाया जा रहा है. संग्रामपुर प्रतिनिधि के अनुसार प्रखंड क्षेत्र के भाकपा माओवादी के आह्वान पर बिहार बंद का मिला-जुला असर देखा ग या. इस दौरान सुलतानगंज-देवघर मुख्य मार्ग पर एक भी बड़ी गाडि़या नहीं चली. छोटी गाडि़या मनमाने भाड़े वसूले कर यात्रियों को बैठाते देखे गये. वहीं संग्रामपुर-गंगटा मुख्य मार्ग पूरी तरह वीरान रही. संग्रामपुर बाजार स्थित सभी बैंक शाखाएं, गैस एजेंसी एवं पेट्रोल पंप पूरी तरह बंद रहे. ग्राहक निराश लौटते देखे गये. वहीं सरकारी विद्यालय, सरकारी कार्यालय एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठान खुले रहे.
