मुंगेर : ईद का त्योहार खत्म होते ही बुधवार को ग्राहकों को कैश के लिए खासी परेशानियों का सामना करना पड़ा. कहने को तो शहर में लगभग दो दर्जन एटीएम हैं, पर उनमें से अधिकांश एटीएम का शटर गुरुवार को उठा ही नहीं तथा कई एटीएम खुले हुए भी थे तो उसमें कैश नहीं था. शहर में इक्के-दुक्के एटीएम में ही कैश मिल रहा था. पर वहां ग्राहकों की लंबी लाइन लगी हुई थी. इसके कारण उपभोक्ताओं को एक एटीएम से दूसरे एटीएम का चक्कर लगाना पड़ा.
गुरुवार की सुबह कैश के लिए उपभोक्ता शहर के विभिन्न एटीएमों की ओर भागने लगे, पर लोग जिधर जाते थे, उधर उन्हें निराशा ही हाथ लग रही थी. शहर के एसबीआइ मुख्य शाखा, बाजार ब्रांच, बाटा चौक, पूरबसराय, वासुदेवपुर सहित अन्य जगहों पर एटीएम बंद पाया गया. वहीं बाटा चौक स्थित बैंक ऑफ इंडिया, बड़ी बाजार स्थित आइसीआइसीआइ बैंक के एटीएम सहित कई अन्य बैंकों का एटीएम भी बंद रहा. शहर के राजीव गांधी चौक स्थित एचडीएफसी बैंक का एटीएम खुला हुआ था, पर उसमें कैश नहीं था.
यही हाल बड़ी बाजार स्थित केनरा बैंक के एटीएम का भी था. वहीं बड़ी बाजार स्थित एचडीएफसी बैंक, कैनरा बैंक के एटीएम तथा बेकापुर स्थित एक्सिस बैंक के एटीएम में कैश निकालने वालों की लंबी लाइन लगी हुई थी. जहां लोगों को कैश निकालने के लिए घंटों धूप में खड़ा रहना पड़ा. हालांकि कुछ देर के बाद इन दोनों एटीएम का भी कैश खत्म हो गया. इसके बाद लोग दिन भर कैश के लिए शहर में भटकते रहे.
एटीएम में रुपये ही न हो तो कैसे मिलेगा लाभ
पूरबसराय के बिंदेश्वरी प्रसाद ने बताया कि उसे पैसे की सख्त जरूरत है और लगभग एक घंटे से शहर के एटीएम का चक्कर काट रहे हैं. लेकिन राशि नहीं निकाल पाये हैं. जहां एक-दो एटीएम खुली भी है तो ग्राहकों की लंबी लाइन लगी है. उन्होंने कहा कि यदि एटीएम में रुपये ही न हो और वह बंद रहे तो इसका लाभ लोगों को कैसे मिलेगा.
