जमालपुर : होली के मौके पर प्रतिबंधित अवैध शराब के भंडारण के विरुद्ध रेल पुलिस द्वारा चलाई जा रही विशेष छापेमारी के दौरान विभिन्न ब्रांडों के 90 लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद की गई.
बताया गया कि बुधवार की देर संध्या से गुरुवार की संध्या तक अलग-अलग ट्रेनों से शराब की बरामदगी की गई. जिसे लेकर एक व्यक्ति को रंगेहाथ गिरफ्तार कर उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया.
थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर कामेश्वर सिंह ने बताया कि बुधवार की देर संध्या साहिबगंज-दानापुर इंटरसिटी एक्सप्रेस से 18 लीटर विभिन्न ब्रांडों के अवैध विदेशी शराब बरामद की गयी.
उन्होंने बताया कि इस दौरान 750 एमएलए इंपीरियल ब्लू क्लासिक ग्रीन व्हिस्की के 12 बोतल तथा मैकडॉवेल्स मैच्योर थ्री एक्स रम के 8 बोतल और 375 एमएलए रॉयल स्टैग प्रीमियम व्हिस्की की 8 बोतल शराब बरामद की गयी. जिसे लेकर अज्ञात के विरुद्ध रेल थाना में कांड संख्या 30/19 दर्ज किया गया है.
उन्होंने बताया कि गुरुवार की प्रातः एक बार फिर 13023 अप हावड़ा-गया एक्सप्रेस से विशेष चेकिंग के दौरान 70 बोतल विभिन्न ब्रांडों के अवैध विदेशी शराब बरामद करने में सफलता मिली. शराब की यह खेप ले जाने वाले जिले के बरियारपुर थाना अंतर्गत पड़िया बाजार निवासी जय किशोर यादव के पुत्र नीतीश कुमार को रंगेहाथ गिरफ्तार भी किया गया.
उन्होंने बताया कि बरामद शराब में 750 एमएल मैकडॉवेल्स नंबर वन सेलिब्रेशन मैच्योर रम के 70 बोतल, रॉयल स्टैग ब्रांडेड व्हिस्की के 15 बोतल, एटीएम स्मूथ इंडियन व्हिस्की के छह बोतल और ऑफिसर चॉइस प्रेस्टीज व्हिस्की के 5 बोतल शामिल है. इस सिलसिले में गिरफ्तार आरोपित को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया.
उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी इसी सप्ताह मंगलवार की प्रातः 13023 अप हावड़ा गया एक्सप्रेस के एक डब्बे से 25 बोतल रॉयल स्टैग व्हिस्की बरामद की गयी थी. इस मामले में भी अज्ञात के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया था.
विदेशी शराब जब्त, एक गिरफ्तार
