मोतिहारी क्राइम: पूर्वी चंपारण जिले के लखौरा थाना क्षेत्र के बसबिट्टा गांव में रविवार को नदी की सोती से 40 वर्षीय अधेड़ का शव मिलने के बाद सनसनी फैल गई. मृतक की पहचान बसबिट्टा गांव निवासी अरविंद राम के रूप में हुई है. बताया जाता है कि अरविंद सुबह किसी काम से घर से निकला था, लेकिन देर तक वापस नहीं लौटा. इसके बाद परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की. इसी दौरान नदी की सोती में पानी के ऊपर उसका शव दिखाई दिया.
पानी में शव दिखते ही मची अफरातफरी
परिजनों के अनुसार, काफी देर तक अरविंद के घर नहीं लौटने पर उसकी तलाश की जा रही थी. इसी क्रम में नदी की सोती के पास पानी में शव दिखाई दिया. शव की पहचान अरविंद राम के रूप में होने के बाद परिवार में कोहराम मच गया.
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण भी मौके पर जुट गए. सूचना लखौरा थाना की पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची.
पुलिस ने शव को पानी से निकलवाया
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पानी से बाहर निकलवाया और कब्जे में लिया. इसके बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया.
पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया. पुलिस मामले में आवश्यक कार्रवाई कर रही है. युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसे लेकर पुलिस की जांच जारी है.
तीन भाइयों में सबसे बड़ा था अरविंद
बताया जाता है कि अरविंद राम तीन भाइयों में सबसे बड़ा था. उसकी मौत की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा. पत्नी उपरावती देवी का रो-रोकर बुरा हाल है.
वहीं, पुत्रियां खुशबू और रूची तथा पुत्र अयांश भी पिता की मौत से सदमे में हैं. परिवार के लोगों के चीत्कार से गांव का माहौल गमगीन हो गया.
गांव में पसरा मातम
घटना के बाद बसबिट्टा गांव में भी मातम पसरा हुआ है. आसपास के ग्रामीण मृतक के घर पहुंचकर परिजनों को ढांढस बंधाते रहे. अचानक हुई मौत से गांव के लोग भी स्तब्ध हैं.
लखौरा थानाध्यक्ष अनुज कुमार ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है. मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है.
यह भी पढ़ें:
गश्ती के दौरान अवैध वसूली का मामला: एसपी स्वर्ण प्रभात ने चार पुलिसकर्मियों को किया निलंबित
