मोतिहारी से विकास कुमार सिंह की रिपोर्ट
youth beaten arrested: थाना क्षेत्र के गुसुकपुर गांव में कानून को हाथ में लेने का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहां चोरी के आरोप में एक युवक को बंधक बनाकर बेरहमी से पीटने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है. थानाध्यक्ष बबन कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने छापेमारी कर इस अमानवीय कृत्य में शामिल दो मुख्य अभियुक्तों को शनिवार देर रात गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गुसुकपुर गांव के अजय साह और गोलू कुमार के रूप में हुई है.
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था पिटाई का लाइव वीडियो
थानाध्यक्ष बबन कुमार ने बताया कि शुक्रवार देर रात सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा था. इस वीडियो में कुछ लोग एक युवक के हाथ-पैर रस्सी से बांधकर उसे बंधक बनाए हुए थे और उसकी बेरहमी से पिटाई कर रहे थे. वीडियो सामने आते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आया. पुलिस ने सबसे पहले पीड़ित युवक की पहचान की, जिसकी शिनाख्त परसौनी कपूर गांव के रहने वाले शुभम कुमार के रूप में की गई.
पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर किया गिरफ्तारी
पुलिस ने वायरल वीडियो की सत्यता की जांच करने के बाद तुरंत थाने में प्राथमिकी दर्ज की. इसके बाद आरोपियों को पकड़ने के लिए जाल बिछाया गया और शनिवार देर रात दोनों को दबोच लिया गया. पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने स्वीकार किया कि उक्त युवक चोरी की नीयत से गांव के एक घर में दाखिल हुआ था. रंगे हाथ पकड़ने के बाद उन्होंने उसे रस्सी से बांधकर पीटना शुरू कर दिया था. इसी बीच किसी ग्रामीण ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया था. पुलिस दोनों से पूछताछ कर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है.
