भारत-नेपाल सीमा पर SSB की बड़ी कार्रवाई, 72 बैग तरबूज के बीज के साथ तस्कर पकड़ा गया

भारत-नेपाल सीमा पर SSB ने तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 2,880 किलोग्राम तरबूज के बीज जब्त किए हैं. इस दौरान एक तस्कर को भी गिरफ्तार किया गया है, जिससे सीमा पर अवैध सामानों की आवाजाही करने वालों में हड़कंप मच गया है.

Motihari News: मोतिहारी. भारत-नेपाल सीमा पर अवैध तस्करी के खिलाफ चलाये जा रहे अभियान में सशस्त्र सीमा बल यानी एसएसबी को बड़ी सफलता मिली है. 71वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, मोतिहारी के कमांडेंट प्रफुल्ल कुमार के निर्देशन में की गयी कार्रवाई के दौरान नेपाल से भारत लाये जा रहे 2,880 किलोग्राम तरबूज के बीज जब्त किये गये. एसएसबी ने तस्करी में इस्तेमाल किये जा रहे एक अशोक लीलैंड पिकअप वाहन को भी जब्त किया है. कार्रवाई के दौरान एक युवक को गिरफ्तार किया गया. बरामद सामग्री और गिरफ्तार आरोपी को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए सीमा शुल्क विभाग, मोतिहारी को सौंप दिया गया है.

जब्त वाहन के साथ एसएसबी के जवान

गुप्त सूचना पर सैनिक रोड में बढ़ायी गयी चौकसी

एसएसबी को भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में अवैध सामान की तस्करी से जुड़ी पुख्ता गुप्त सूचना मिली थी. सूचना के आधार पर समवाय मुख्यालय बेलदरवामठ के गश्ती दल ने सैनिक रोड पर चौकसी बढ़ा दी. इसी दौरान नेपाल की तरफ से आती एक संदिग्ध सफेद रंग की पिकअप गाड़ी को सुरक्षा बलों ने रुकवाया.

पिकअप की तलाशी में मिले 72 बैग तरबूज के बीज

संदेह के आधार पर एसएसबी जवानों ने पिकअप वाहन की सघन तलाशी ली. तलाशी के दौरान वाहन के अंदर से 72 बैग तरबूज के बीज बरामद किये गये. प्रत्येक बैग का वजन 40 किलोग्राम था. इस तरह जब्त बीजों की कुल मात्रा 2,880 किलोग्राम यानी करीब 2.88 टन निकली. चालक के पास बीजों से संबंधित कोई वैध दस्तावेज या बिल नहीं मिला.

पूछताछ में सामने आयी नेपाल से भारत लाने की बात

गिरफ्तार वाहन चालक ने पूछताछ के दौरान अपनी पहचान अरमान, उम्र 23 वर्ष, पुत्र नूर खान, निवासी ग्राम जमालपुर, थाना मसौली, जिला बाराबंकी, उत्तर प्रदेश के रूप में बतायी. पूछताछ में उसने बताया कि वह इन बीजों को नेपाल के मटियरवा क्षेत्र से भारत लेकर आया था और इसे रक्सौल की ओर ले जाने की फिराक में था.

पिकअप और बीज समेत आरोपी कस्टम को सौंपा

एसएसबी ने कार्रवाई के बाद बरामद 2,880 किलोग्राम तरबूज के बीज, अशोक लीलैंड पिकअप वाहन और गिरफ्तार आरोपी को सीमा शुल्क विभाग, मोतिहारी के सुपुर्द कर दिया. अब मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया कस्टम विभाग की ओर से की जाएगी.

सीमा पर SSB की कार्रवाई से तस्करों में हड़कंप

भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में तस्करी रोकने के लिए एसएसबी की ओर से लगातार अभियान चलाया जा रहा है. सैनिक रोड पर हुई इस कार्रवाई के बाद सीमा क्षेत्र में अवैध सामान की आवाजाही करने वालों में हड़कंप की स्थिति है. सुरक्षा बलों ने सीमा पर निगरानी और गश्त को लेकर सतर्कता जारी रखी है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Intejarul Haq

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >