Motihari Crime News: मधुबन. थाना क्षेत्र के लाही गांव में शराब बिक्री की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम पर ग्रामीणों द्वारा लाठी-डंडे से हमला किये जाने का मामला सामने आया है. घटना शुक्रवार की देर रात की बतायी जा रही है. हमले में एक पुरुष जवान और दो महिला सुरक्षा कर्मी घायल हो गयीं. पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया है.
Madhuban Crime News: शराब की सूचना पर गांव पहुंची थी पुलिस
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार की रात शराब बिक्री की सूचना मिली थी. सूचना के आधार पर पुलिस टीम लाही गांव पहुंची और मंगल सहनी तथा वकील सहनी के घर की तलाशी लेने लगी. इसी दौरान परिजनों और आसपास के कुछ लोगों ने तलाशी का विरोध शुरू कर दिया.
लाठी-डंडे से पुलिस टीम पर किया हमला
तलाशी का विरोध करते-करते मामला बढ़ गया और लोगों ने पुलिस टीम पर लाठी-डंडे से हमला कर दिया. हमले में पुरुष जवान विवेक कुमार तथा महिला सुरक्षा कर्मी आरती कुमारी और सृष्टि तिग्गा घायल हो गयीं. तीनों को इलाज के लिए मधुबन सीएचसी ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद मोतिहारी सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया.
10 लीटर विदेशी शराब बरामद
पुलिस की कार्रवाई के दौरान 10 लीटर विदेशी शराब बरामद की गयी. इसके अलावा घटनास्थल से सात बाइक और एक ट्रैक्टर भी जब्त किया गया. पुलिस ने बरामद शराब और जब्त वाहनों के संबंध में भी कार्रवाई शुरू कर दी है.
25 नामजद और 50 अज्ञात पर प्राथमिकी
थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार पांडेय ने बताया कि गश्ती पदाधिकारी बृजभूषण सिंह के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज की गयी है. मामले में 25 नामजद और 50 अज्ञात लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गयी है. पुलिस ने नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया है.
वीडियो फुटेज से हमलावरों की पहचान
पुलिस के अनुसार, घटना के दौरान मौजूद लोगों की पहचान के लिए वीडियो फुटेज और फोटो की मदद ली जा रही है. पुलिस अन्य हमलावरों की पहचान करने में जुटी है. वहीं फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.
यह भी पढ़ें: HIV से बचाव के लिए जागरूकता अभियान तेज, जांच से दवा तक एक ही कैंप में मिल रही सुविधा
