Raxaul News: बिहार टीचर्स वेल्फेयर एसोसिएशन के तत्वावधान में शनिवार को स्थानांतरित प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी (BEO) सह बीडब्ल्यूओ ब्रजेश कुशवाहा के सम्मान में विदाई सह सम्मान समारोह आयोजित किया गया. इसी कार्यक्रम में नवपदस्थापित BEO प्राण रंजन प्रसाद का भी शिक्षकों ने गर्मजोशी से स्वागत किया.
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधानाध्यापक सह एसोसिएशन के संरक्षक छोटेलाल राय ने की. आयोजन केंद्रीय कमेटी के अध्यक्ष राजेश कुमार के नेतृत्व में हुआ, जबकि मंच संचालन प्रधानाध्यापक प्रवीण कुमार श्रीवास्तव ने किया.
मोमेंटो और शॉल देकर किया सम्मानित
समारोह में प्रधानाध्यापक मुनेश राम ने तथागत गौतम बुद्ध की प्रतिमा (मोमेंटो) भेंट कर ब्रजेश कुशवाहा को सम्मानित किया.
इस दौरान सेवानिवृत्त BEO सतीश कुमार श्रीवास्तव, नवपदस्थापित BEO प्राण रंजन प्रसाद और सेवानिवृत्त शिक्षक नंदलाल साथी को भी शॉल, पुष्पमाला और स्मृति-चिह्न देकर सम्मानित किया गया.
कार्यशैली की हुई सराहना
वक्ताओं ने कहा कि ब्रजेश कुशवाहा ने अपने कार्यकाल में विद्यालयों के नियमित निरीक्षण, शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार और शिक्षकों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने की दिशा में उल्लेखनीय कार्य किया.
उन्होंने कहा कि उनकी सरल, सहज और सहयोगात्मक कार्यशैली के कारण शिक्षक समुदाय के बीच उनकी विशेष पहचान बनी.
ब्रजेश कुशवाहा ने जताया आभार
विदाई समारोह में ब्रजेश कुशवाहा ने शिक्षकों और प्रधानाध्यापकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि रक्सौल में उन्हें सभी का भरपूर सहयोग मिला.
उन्होंने कहा कि सरकारी विद्यालय समाज के वंचित और अंतिम पंक्ति में खड़े बच्चों के भविष्य को संवारने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं. संसाधनों की सीमाओं के बावजूद शिक्षक पूरी निष्ठा से शिक्षा का प्रकाश पहुंचा रहे हैं.
नए BEO ने दिया सहयोग का भरोसा
नवपदस्थापित BEO प्राण रंजन प्रसाद ने शिक्षकों को भरोसा दिलाया कि वे सकारात्मक और सहयोगात्मक माहौल में कार्य करेंगे.
उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग से रक्सौल प्रखंड की शिक्षा व्यवस्था को और बेहतर बनाने का प्रयास किया जाएगा. समारोह में बड़ी संख्या में प्रधानाध्यापक, शिक्षक और शिक्षा विभाग से जुड़े लोग मौजूद रहे.
