रक्सौल सीमा पर 600 इंजेक्शन जब्त, प्रतिबंधित नशीली दवाओं के साथ तीन गिरफ्तार

रक्सौल सीमा पर नेपाल सशस्त्र प्रहरी बल ने नशीली दवाओं की खेप पकड़ी है. 600 प्रतिबंधित इंजेक्शन और लाखों की औषधीय सामग्री ज़ब्त की गई है, जिसमें एक भारतीय महिला भी शामिल है. मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है.

Raxaul Border News: भारत-नेपाल सीमा पर नेपाल सशस्त्र प्रहरी बल (APF) की 13वीं गण मुख्यालय, पर्सा की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित नशीली दवाओं के साथ तीन लोगों को गिरफ्तार किया है. इसके अलावा भारत से अवैध रूप से भंसार (कस्टम) चोरी कर नेपाल ले जाई जा रही करीब पांच लाख नेपाली रुपये मूल्य की औषधीय सामग्री भी जब्त की गई है.

भारतीय महिला की जांघों पर टेप से बंधे मिले प्रतिबंधित इंजेक्शन

सशस्त्र प्रहरी बल के सूचना अधिकारी एवं डीएसपी मोहन राज निरौला ने बताया कि सोमवार रात गण मुख्यालय तथा सीमा सुरक्षा वाहिनी वीरगंज की संयुक्त टीम ने भारत से नेपाल की ओर जा रहे ई-रिक्शा (नंबर म.प्र.03-001 ह 1981) की जांच की. तलाशी के दौरान करीब 25 वर्षीय एक भारतीय महिला ने दोनों जांघों पर टेप से प्रतिबंधित नशीली दवाएं छिपा रखी थीं. बरामद सामग्री में डाइजेपाम इंजेक्शन के 200 एम्पुल, प्रोमेथाजिन हाइड्रोक्लोराइड इंजेक्शन के 200 एम्पुल तथा नरफीन इंजेक्शन के 200 एम्पुल शामिल हैं.

तीन गिरफ्तार, ई-रिक्शा भी जब्त

कार्रवाई के दौरान महिला समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस ने ई-रिक्शा को भी जब्त कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए नेपाल पुलिस के हवाले कर दिया है.

पांच लाख रुपये की औषधीय सामग्री भी बरामद

एक अन्य कार्रवाई में सोमवार को वीरगंज महानगरपालिका-1 स्थित छपकैया सीमा क्षेत्र में बीओपी सिर्सिया की मोबाइल टीम को देखकर भारत से अवैध रूप से भंसार चोरी कर औषधीय सामग्री ले जा रहे दो तस्कर सामान छोड़कर फरार हो गए. मौके से करीब पांच लाख नेपाली रुपये मूल्य के 4 कार्टन विटामिन सहित अन्य औषधीय सामग्री बरामद की गई.

कस्टम विभाग को सौंपी जाएगी जब्त सामग्री

सशस्त्र प्रहरी बल ने बताया कि जब्त औषधीय सामग्री को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए वीरगंज भंसार (कस्टम) कार्यालय, पर्सा भेजने की प्रक्रिया जारी है. फरार तस्करों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए भी कार्रवाई की जा रही है.

यह भी पढ़ें: रक्सौल में एसएसबी का मेगा रक्तदान शिविर, जवानों ने पेश की मानवता की मिसाल


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >