Kesaria News: केसरिया में दिनदहाड़े झपटमारी की वारदात ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है. सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया से ₹40 हजार निकालकर घर लौट रहे 70 वर्षीय वृद्ध से उचक्के ने रुपये लेकर फरार हो गया. घटना थाना चौक के पास हुई, जिसके बाद इलाके में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई.
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.
आम खरीदने के दौरान हुई वारदात
जानकारी के अनुसार, थाना क्षेत्र के मझरिया निवासी नागेश्वर राय बैंक से ₹40 हजार निकालकर अपने घर लौट रहे थे. रास्ते में थाना चौक के पास एक फल की दुकान पर आम खरीदने के लिए रुके.
इसी दौरान पहले से घात लगाए एक उचक्के ने उनके रुपये रखे पैकेट से ₹40 हजार निकाल लिए और मौके से भाग निकला.
लोगों ने किया पीछा, लेकिन भाग निकला आरोपी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जैसे ही लोगों की नजर उचक्के पर पड़ी, शोर मचाया गया. आसपास मौजूद लोगों ने उसे पकड़ने की कोशिश भी की, लेकिन वह भीड़ का फायदा उठाकर फरार हो गया.
घटना के बाद पीड़ित ने आसपास के लोगों को पूरी जानकारी दी.
पुलिस ने शुरू की जांच
पीड़ित ने मामले की शिकायत पुलिस से की है. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया जा सके.
फिलहाल पुलिस झपटमारी की इस घटना की जांच कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
