दुकान का एग्जॉस्ट फैन तोड़कर चोरी, 23 हजार कैश समेत 95 हजार का सामान पार

तुरकौलिया थाना क्षेत्र में निमुईया मोड़ के पास एक दुकान को चोरों ने निशाना बनाया. एग्जॉस्ट फैन तोड़कर घुसे चोरों ने 23 हजार रुपये नकद और 95 हजार रुपये के सामान पर हाथ साफ कर दिया. पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है.

Turkaulia Shop Theft: जिले के तुरकौलिया थाना क्षेत्र अंतर्गत निमुईया मोड़ के समीप स्थित एक कॉफी. लस्सी व कोल्ड ड्रिंक की दुकान में चोरों ने भीषण चोरी की वारदात को अंजाम दिया. चोर दुकान का एग्जॉस्ट फैन तोड़कर अंदर दाखिल हुए और करीब 23 हजार रुपये नकद समेत लगभग 95 हजार रुपये मूल्य के सामान की चोरी कर फरार हो गए. चोरी की यह पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है.

सुबह दुकान खोलने पहुंचे तो टूटा मिला एग्जॉस्ट फैन

प्राप्त जानकारी के अनुसार. बोरिंग चौक और निमुईया मोड़ के बीच स्थित 'हमसफ़र पैलेस' नामक दुकान को चोरों ने निशाना बनाया. दुकान संचालक धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि वे प्रतिदिन की तरह रविवार रात करीब 10:30 बजे दुकान बंद कर अपने घर चले गए थे. सोमवार सुबह जब वे दुकान खोलने पहुंचे तो देखा कि दुकान में लगा एग्जॉस्ट फैन टूटा हुआ है और अंदर सारा सामान बिखरा पड़ा है.

गल्ले से 23 हजार नकद और महंगे उपकरण ले उड़े चोर

पीड़ित दुकानदार के अनुसार. चोर एग्जॉस्ट फैन के रास्ते अंदर घुसे और गल्ले में रखे 23 हजार रुपये नकद के अलावा कॉफी मशीन के उपकरण. कोल्ड ड्रिंक व अन्य कीमती सामान बटोर ले गए. वारदात को अंजाम देने के बाद चोर दुकान का पिछला दरवाजा खोलकर आसानी से फरार हो गए. घटना के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई.

सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी पुलिस

दुकानदार धर्मेंद्र कुमार ने घटना की लिखित शिकायत तुरकौलिया थाना में दर्ज कराई है. उन्होंने पुलिस को बताया कि दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में चोरों की सारी करतूत रिकॉर्ड हो गई है. पुलिस ने आवेदन प्राप्त कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान में जुट गई है.

ये भी पढ़ें: ग्रामीण स्कूलों में बदलेगा क्लासरूम का माहौल, 'नो एज-गैप मॉडल' से ड्रॉपआउट रोकने की अनूठी पहल


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >