शिक्षक दिवस पर मोतिहारी में चयनित शिक्षकों का सम्मान, डीएम बोले- शिक्षक समाज के शिल्पकार

मोतिहारी में शिक्षक दिवस के अवसर पर एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया. इस कार्यक्रम में शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले शिक्षकों को सम्मानित किया गया. जिला पदाधिकारी सौरभ सुमन यादव ने शिक्षकों को समाज का शिल्पकार बताते हुए उनके महत्व पर प्रकाश डाला.

Motihari News: मोतिहारी. शिक्षक दिवस के अवसर पर शनिवार को महात्मा गांधी प्रेक्षागृह में शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले चयनित शिक्षकों को सम्मानित किया गया. मुख्य अतिथि जिला पदाधिकारी सौरभ सुमन यादव और विशिष्ट अतिथि सहायक समाहर्ता राम कृष्ण झा एवं जिला शिक्षा पदाधिकारी राजन कुमार गिरी मौजूद रहे.

दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का किया गया शुभारंभ

कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि और विशिष्ट अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर की. इसके बाद एमजेके कन्या इंटर कॉलेज की छात्राओं ने स्वागत गीत और गुरु वंदना प्रस्तुत कर अतिथियों का अभिनंदन किया.

शिक्षक समाज के शिल्पकार : डीएम

समारोह को संबोधित करते हुए डीएम सौरभ सुमन यादव ने कहा कि शिक्षक समाज के शिल्पकार होते हैं. वे बच्चों के भविष्य को संवारने के साथ सशक्त राष्ट्र के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं. उन्होंने शिक्षकों से आधुनिक तकनीक अपनाकर विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण और नैतिक शिक्षा देने की अपील की.

डीएम ने कहा कि शिक्षक नहीं होते तो हम नहीं होते. उन्होंने कहा कि वे खुद भी अपने शिक्षकों को याद करते हैं. विद्यालयों में संसाधनों की कमी नहीं होने दी जाएगी. सभी शिक्षकों को अपना शत प्रतिशत देना होगा. उन्होंने कहा कि वे सभी विद्यालयों का निरीक्षण करेंगे, विशेष रूप से मॉडल स्कूलों पर ध्यान दिया जाएगा.

शिक्षकों की समस्याओं के समाधान का दिया भरोसा

डीएम ने कहा कि विद्यालयों को मनरेगा जैसी योजनाओं से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा. शिक्षकों के ऊपर बड़ी जिम्मेदारी है. उन्होंने कहा कि किसी शिक्षक को कोई समस्या है तो जिला प्रशासन उनके साथ है और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा.

दर्जनों चयनित शिक्षकों को मिला सम्मान

डीईओ राजन कुमार गिरी ने कहा कि विपरीत परिस्थितियों में भी जिले के शिक्षकों ने शिक्षा की लौ जलाए रखी है. शिक्षा विभाग शिक्षकों की समस्याओं के समाधान और बेहतर शैक्षणिक माहौल बनाने के लिए प्रतिबद्ध है.

इस अवसर पर जिले के विभिन्न विद्यालयों से आए दर्जनों चयनित शिक्षकों को उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्य के लिए अंगवस्त्र, प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया. सम्मान मिलने के बाद शिक्षकों के चेहरे खिल उठे.

कार्यक्रम में डीपीओ स्थापना ब्रजेश कुमार, डीपीओ माध्यमिक शिक्षा उमेश कुमार, संभाग प्रभारी रेयाज अहमद, शकिल, पंकज कुमार, संतोष कुमार सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी, शिक्षक और बुद्धिजीवी मौजूद रहे.

यह भी पढ़ें: ज्ञान से आगे संस्कार और अनुशासन की सीख, शिक्षक दिवस पर शिक्षकों की भूमिका पर हुई चर्चा

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अमृतेश कुमार

अमृतेश 15 वर्षों से प्रिंट और डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय हैं. खबर पर हमेशा पैनी नजर रखने वाले अमृतेश को क्षेत्रीय और जमीनी स्तर की रिपोर्टिंग का लंबा अनुभव है. वर्तमान में ये डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में अपनी लेखनी के जरिए लगातार सक्रिय हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >