मौसेरे भाई के साथ मिल रची सौतेले भाई की हत्या की साजिश, लोडेड पिस्टल के साथ दोनों गिरफ्तार

मोतिहारी पुलिस ने सौतेले बड़े भाई की हत्या की एक सनसनीखेज साजिश का खुलासा किया है। गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए, पुलिस ने एक लोडेड पिस्टल और जिंदा कारतूस के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

Motihari Crime News: मोतिहारी जिले के राजेपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत नरहां पंचायत के हनुमाननगर गांव में सौतेले बड़े भाई की हत्या की एक सनसनीखेज साजिश को पुलिस ने समय रहते विफल कर दिया. गुप्त सूचना के आधार पर राजेपुर पुलिस ने त्वरित घेराबंदी करते हुए साजिश में शामिल सौतेले भाई और उसके मौसेरे भाई को रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने इनके पास से एक लोडेड पिस्टल और सात जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं. पुलिस की सक्रियता से एक बड़ी अनहोनी टल गई.

Land Dispute Crime: हथियार के साथ दो शातिर गिरफ्तार

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हनुमाननगर गांव निवासी रामप्रवेश राय के पुत्र उज्जवल कुमार और मुजफ्फरपुर जिले के मोतीपुर थाना क्षेत्र के भटवलिया गांव निवासी राजा राय के पुत्र प्रिंस कुमार के रूप में हुई है. दोनों आपस में मौसेरे भाई हैं. राजेपुर थानाध्यक्ष कुमार सौरभ ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस को दोनों के संदिग्ध गतिविधियों और अवैध हथियार के साथ मौजूद होने की सटीक सूचना मिली थी. पुलिस ने मौके पर छापेमारी कर दोनों को दबोच लिया.

Brother Murder: तीन शादियां और 10 बीघा जमीन का विवाद

पुलिस की प्राथमिक जांच में इस साजिश के पीछे पारिवारिक संपत्ति और 10 बीघा जमीन का गंभीर विवाद सामने आया है. ग्रामीणों और परिजनों के अनुसार रामप्रवेश राय ने कुल तीन शादियां की थीं. पहली पत्नी से एक पुत्र नरेंद्र कुमार है, जिनकी मृत्यु के बाद उन्होंने दूसरी शादी की, हालांकि दूसरी पत्नी से कोई संतान नहीं हुई. दूसरी पत्नी के निधन के बाद उन्होंने तीसरी शादी की, जिससे उज्जवल कुमार और एक पुत्री का जन्म हुआ. उज्जवल अपने बड़े सौतेले भाई नरेंद्र कुमार को रास्ते से हटाकर पूरी संपत्ति हड़पने की फिराक में था.

न्यायिक हिरासत में भेजे गए आरोपी, जांच जारी

थानाध्यक्ष ने बताया कि पुलिस के स्वलिखित आवेदन पर सुसंगत धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. गहन पूछताछ के बाद दोनों अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है. पुलिस का कहना है कि मामले में हथियार की आपूर्ति करने वालों और साजिश से जुड़े अन्य संभावित सुरागों की भी गहराई से छानबीन की जा रही है ताकि पूरे नेटवर्क पर कार्रवाई की जा सके.

यह भी पढ़ें... सड़क पार करते वक्त ट्रक ने मासूम बच्ची को रौंदा, शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Shashi Chandra Tiwary

शशि चंद्र तिवारी वरिष्ठ पत्रकार हैं. साल 2009 में सन्मार्ग हिंदी दैनिक से पत्रकारिता की शुरुआत की और 2011 से लगातार प्रभात खबर के साथ जुड़े हुए हैं. वर्तमान में वह पूर्वी चंपारण जिले के मधुबन से प्रभात खबर के संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं. समसामयिक, अपराध, राजनीति, प्रशासनिक गतिविधि और कृषि जैसे विषयों की पत्रकारिता में विशेष रुचि है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >