उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान मौजूद विधायक बब्लू गुप्ता व अन्य | Prabhat Khabar Network
विधायक बोले, जल्द होगा इसका अपना भवन
रामगढ़वा : प्रखण्ड क्षेत्र अंतर्गत सिसवनिया स्थित बेसिक स्कूल में राजकीय डिग्री महाविद्यालय का विधिवत रुप से शुभारम्भ किया गया, जिसका उद्घाटन स्थानीय विधायक राजेश कुमार उर्फ बब्लू गुप्ता ने फीता काटकर किया. बेसिक स्कूल में डिग्री महाविद्यालय के खुलने से स्थानीय लोगों में हर्ष का माहौल है. विधायक श्री गुप्ता ने उपस्थित लोगों को सम्बोधित करते हुए कहा कि राज्य सरकार के सात निश्चय-3 के तहत डिग्री कालेज विहीन प्रखण्डों में राजकीय डिग्री महाविद्यालय खोला जा रहा है. इससे ग्रामीण छात्र-छात्राओं को उच्च शिक्षा ग्रहण करने में हो रही परेशानी से छुटकारा मिल जायेगा व बच्चे कम खर्च में उच्च शिक्षा हासिल करेंगे. उन्होंने इस महाविद्यालय के प्रथम प्राचार्य डा. पवन कुमार यादव सहित अन्य कर्मियों से कहा कि आपके कंधे पर बड़ी जिम्मेवारी है. उन्होंने कहा कि अभी तो यह मॉडल भवन में संचालित होगा लेकिन जल्द ही इसका अपना भवन भी बनेगा. इस दौरान स्थानीय प्रशासन की ओर से आगत अतिथियों को शॉल व बुके भेंटकर सम्मानित किया गया. मौके पर 20-सूत्री अध्यक्ष मनोज सिंह, उपाध्यक्ष सह मुखिया प्रतिनिधि बब्लू साह, बीडीओ राकेश कुमार सिंह, सीओ अमित कुमार, सांसद प्रतिनिधि पुष्पेन्द्र तिवारी, बीपीआरओ इन्द्रजीत दास, बीईओ ब्रजेश कुशवाहा, प्रधानाध्यापक बिंदू राज, श्रीनिवास प्रसाद, मुकेश सिंह, विनीत कुमार, मुन्ना पाठक, प्रभू दास, रवि यादव, अश्विनी झा सहित अन्य लोग उपस्थित थे.
उच्च शिक्षा तक पहुंच होगी आसान शिक्षा विशेषज्ञ सह सेवानिवृत्त आरडीडी ब्रजेश कुमार ओझा ने कहा कि प्रखंड स्तर पर डिग्री कॉलेज खुलने से उच्च शिक्षा का दायरा बढ़ेगा. इससे छात्राओं की भागीदारी में वृद्धि होगी और ग्रामीण युवाओं को बेहतर शैक्षणिक अवसर मिलेंगे. यह पहल शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक और आर्थिक विकास को भी नई दिशा दे सकती है.
ग्रामीण विद्यार्थियों को मिलेगा सीधा लाभ अब इन प्रखंडों के विद्यार्थियों को स्नातक की पढ़ाई के लिए गया शहर या दूसरे जिलों का रुख नहीं करना पड़ेगा. इससे समय और खर्च दोनों की बचत होगी. आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों और छात्राओं को इसका सबसे अधिक लाभ मिलने की उम्मीद है. स्थानीय स्तर पर उच्च शिक्षा उपलब्ध होने से पढ़ाई बीच में छोड़ने की समस्या भी कम हो सकती है.
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।