मोतिहारी से अमरेश वर्मा की रिपोर्ट
मोतिहारी: एसबीआई योनो ऐप अपडेट कराने के नाम पर साइबर अपराधियों ने एक व्यक्ति को झांसे में लेकर उसके बैंक खाते से 2.22 लाख रुपये उड़ा लिए. पीड़ित ने साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराने के बाद साइबर थाना में आवेदन देकर कार्रवाई और राशि वापस दिलाने की मांग की है.
गूगल से नंबर खोजने पर ठगों के जाल में फंसा
पीड़ित कमलेश प्रसाद, निवासी गोला पकड़िया फतेहपुर (तुरकौलिया थाना क्षेत्र), ने बताया कि 5 जून 2026 को वह एसबीआई योनो ऐप चालू करने का प्रयास कर रहे थे. ऐप नहीं खुलने पर उन्होंने गूगल पर बैंक का नंबर खोजा. इसी दौरान खुद को बैंक मैनेजर बताने वाले एक व्यक्ति ने फोन कर तकनीकी सहायता देने का भरोसा दिया.
स्क्रीन शेयर और एटीएम की जानकारी पड़ गई भारी
आरोपित ने स्क्रीन शेयर करने को कहा और एटीएम कार्ड से जुड़ी जानकारी भरवाई. इसके बाद उसने बताया कि योनो ऐप 48 घंटे बाद सक्रिय हो जाएगा. लेकिन 7 जून की सुबह पीड़ित के खाते से दो अलग-अलग ट्रांजैक्शन में 2 लाख रुपये और 22 हजार रुपये निकाल लिए गए.
साइबर हेल्पलाइन 1930 पर दर्ज कराई शिकायत
मोबाइल पर खाते से राशि कटने का संदेश मिलने के बाद पीड़ित ने तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई. बाद में साइबर थाना पहुंचकर लिखित आवेदन देते हुए आरोपितों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई और ठगी गई राशि वापस दिलाने की मांग की.
