Motihari Sawan Milan: मोतिहारी. स्थानीय मिसकॉट स्थित भवन में गायत्री मंदिर योग कक्ष के तत्वावधान में भव्य ‘सावन मिलन समारोह’ का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी रही. पारंपरिक सावन गीत, नृत्य और विभिन्न प्रतियोगिताओं के साथ योग साधना ने समारोह को खास बना दिया. कार्यक्रम के माध्यम से महिलाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश भी दिया गया.
योग और सावन का दिखा अनोखा संगम
समारोह में महिलाओं ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ योग साधना में भी हिस्सा लिया. योग शिक्षिका पुतूल रानी ने कहा कि सावन प्रकृति का श्रृंगार है, वहीं योग मन और शरीर को स्वस्थ रखने का माध्यम है.
उन्होंने मौसम में बदलाव के दौरान स्वास्थ्य का ध्यान रखने के लिए प्राणायाम और ध्यान की महत्ता बतायी.
लोकगीत और नृत्य से बढ़ी समारोह की रौनक
सावन मिलन समारोह में महिलाओं ने पारंपरिक लोकगीत और नृत्य प्रस्तुत किये. विभिन्न प्रतियोगिताओं में भी महिलाओं ने उत्साह के साथ भाग लिया. कार्यक्रम के दौरान महिलाओं ने एक-दूसरे के साथ आत्मीयता साझा की और मनोरंजन के साथ मानसिक तनाव से राहत का अनुभव किया.
पारंपरिक परिधान में दिखा सावन का रंग
समारोह में हरी साड़ियों और पारंपरिक परिधानों में महिलाओं ने सावन के उत्सव को और खास बना दिया. पूरे परिसर में सावन के उल्लास और उत्साह का माहौल बना रहा.
कार्यक्रम में सुधा, अरुणा, कृति, मुस्कान, गौरी, काजल, शालिनी, गीता, वंदना, रश्मि, आशा, रूपम, प्रियंका, मधु कुमारी, रीता, राखी, आरती, सुनीता, डौली व रंजीता समेत बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल हुईं.
यह भी पढ़ें: शादी का झांसा देकर दो साल तक यौन शोषण का आरोप, निजी वीडियो वायरल करने की धमकी
