मनरेगा कार्यों में लापरवाही पर मोतिहारी सदर के कार्यक्रम पदाधिकारी पर कार्रवाई, तीन साल तक कटेगा 25% मानदेय

मोतिहारी सदर के कार्यक्रम पदाधिकारी जीवन चंद्रा को मनरेगा योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही पर कड़ी कार्रवाई का सामना करना पड़ा है. जिलाधिकारी ने उनके मूल मानदेय में तीन साल तक 25% की कटौती का आदेश दिया है.

Motihari News: मनरेगा योजनाओं के क्रियान्वयन में अपेक्षित प्रगति नहीं लाने और वरीय अधिकारियों के निर्देशों की अनदेखी करना मोतिहारी सदर के कार्यक्रम पदाधिकारी जीवन चंद्रा को महंगा पड़ गया. जिलाधिकारी-सह-जिला कार्यक्रम समन्वयक, पूर्वी चंपारण ने उनके मूल मानदेय में 25 प्रतिशत की कटौती तीन वर्षों तक करने की शास्ति अधिरोपित की है.

यह कार्रवाई विभागीय जांच और स्पष्टीकरण प्रक्रिया के बाद की गई है.

कई मामलों में मिली लापरवाही

विभाग के अनुसार, कार्यक्रम पदाधिकारी पर मानव दिवस सृजन में अपेक्षित प्रगति नहीं करने, जीरो ऑफिस डे के दौरान प्रखंड मुख्यालय से अनुपस्थित रहने और प्रखंड मुख्यालय में आवासन नहीं करने के आरोप थे.

इसके अलावा ई-केवाईसी कार्य में धीमी प्रगति और एक भी पंचायत में श्रमिकों की डिमांड नहीं कराने को लेकर भी उनसे स्पष्टीकरण मांगा गया था.

स्पष्टीकरण में नहीं दिया किसी आरोप का जवाब

बताया गया कि कार्यक्रम पदाधिकारी से मांगे गए स्पष्टीकरण में किसी भी आरोप का संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया.

विभाग ने इसे कर्तव्यों के प्रति घोर लापरवाही, कर्तव्यहीनता, स्वेच्छाचारिता और वरीय अधिकारियों के निर्देशों की अवहेलना माना.

तीन वर्षों तक मानदेय में होगी कटौती

इन आरोपों को गंभीर मानते हुए विभागीय प्रावधानों के तहत मोतिहारी सदर के कार्यक्रम पदाधिकारी जीवन चंद्रा के मूल मानदेय में 25 प्रतिशत की कटौती तीन वर्षों तक करने का दंड दिया गया है.

प्रशासन का कहना है कि मनरेगा योजनाओं के प्रभावी संचालन और सरकारी कार्यों में जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

सामंत वर्ष 2013 से यानी पिछले 13 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. वाणिज्य (बी.कॉम) और कानून (एलएलबी) स्नातक सामंत को समाचार संकलन, संपादन, कंप्यूटर तकनीक और समाचार प्रबंधन का व्यापक अनुभव है. ये पत्रकारिता के साथ-साथ समाचारों के तकनीकी व प्रबंधकीय कार्यों में विशेष रुचि रखते हैं.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >