Motihari News: भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी की जिला शाखा ने 'टीबी मुक्त भारत' अभियान को गति देने के लिए बड़ा निर्णय लिया है. रेड क्रॉस अब जिले के 150 टीबी मरीजों को लगातार छह महीने तक पोषण आहार उपलब्ध कराएगी.
इस निर्णय पर सोमवार को आयोजित कार्यकारिणी समिति की बैठक में सर्वसम्मति से मुहर लगाई गई.
टीबी मुक्त भारत के संकल्प को दोहराया
बैठक की अध्यक्षता रेड क्रॉस सोसाइटी के कार्यकारी अध्यक्ष एवं अपर समाहर्ता (लोक शिकायत निवारण) शैलेंद्र कुमार भारती ने की.
बैठक का मुख्य उद्देश्य टीबी से पीड़ित मरीजों को पोषण आहार उपलब्ध कराने की योजना पर चर्चा करना था.
150 मरीजों को मिलेगा पौष्टिक भोजन
शैलेंद्र कुमार भारती ने कहा कि देश को टीबी मुक्त बनाने के लिए केवल सरकारी प्रयास ही नहीं, बल्कि समाज की विभिन्न संस्थाओं की भागीदारी भी जरूरी है.
उन्होंने रेड क्रॉस की ओर से 150 टीबी मरीजों को अगले छह महीने तक नियमित रूप से पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने का प्रस्ताव रखा, जिसे कार्यकारिणी समिति ने सर्वसम्मति से मंजूरी दे दी.
मरीजों के स्वास्थ्य में होगा सुधार
बैठक में कहा गया कि नियमित पोषण आहार मिलने से टीबी मरीजों के स्वास्थ्य में सुधार होगा और उपचार के बेहतर परिणाम सामने आएंगे.
साथ ही, यह पहल जिले में 'टीबी मुक्त भारत' अभियान को और मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी.
कई विभागों के अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग और बैंकिंग क्षेत्र के कई वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया.
कार्यक्रम के दौरान टीबी उन्मूलन अभियान को प्रभावी बनाने और विभिन्न संस्थाओं के सहयोग से जरूरतमंद मरीजों तक सहायता पहुंचाने पर भी विस्तार से चर्चा की गई.
