Motihari News: डुमरियाघाट थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-27 पर रामपुर खजुरिया ओवरब्रिज के दक्षिणी छोर के पास रविवार शाम ट्रक की टक्कर से बाइक सवार की मौत हो गई. मृतक की पहचान सीवान जिले के हुसैनगंज थाना क्षेत्र के हरिहंस गांव स्थित पांडेय टोला निवासी रामानंद पांडेय के पुत्र आनंद कुमार पांडेय के रूप में हुई है. हादसे के बाद ग्रामीणों ने ओवरब्रिज के पास बने कथित अवैध कट को लेकर सवाल उठाए हैं.
Dumariaghat News: अवैध कट से विपरीत लेन में जा रहा था बाइक सवार
मिली जानकारी के अनुसार आनंद कुमार पांडेय बाइक से गोपालगंज की ओर जा रहा था. बताया जाता है कि वह रामपुर खजुरिया ओवरब्रिज के पास बने अवैध कट से सड़क पार कर विपरीत लेन में जा रहा था. इसी दौरान सामने से आ रहे ट्रक-टेलर ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी.
हादसा इतना भीषण था कि आनंद कुमार पांडेय की घटनास्थल पर ही मौत हो गई.
ट्रक चालक राजस्थान का रहने वाला
हादसे में शामिल ट्रक चालक की पहचान राजस्थान के जोधपुर जिले के डांगियावास थाना क्षेत्र के रुड़कली लूणी निवासी ओमाराम के रूप में हुई है. वह जोधपुर से टाइल्स लोड कर असम के गुवाहाटी जा रहा था.
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. सड़क पर शराब की टेट्रा पैक की बोतलें बिखरी पड़ी थीं. बताया गया कि बाइक सवार के पास एक झोला था, जिसमें उत्तर प्रदेश निर्मित बंटी-बबली शराब के कई टेट्रा पैक मौजूद थे.
पुलिस ने ट्रक चालक को हिरासत में लिया
हादसे की सूचना मिलते ही डुमरियाघाट थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त स्थल का जायजा लेने के साथ ट्रक को कब्जे में लेकर चालक ओमाराम को हिरासत में ले लिया. पुलिस मामले की आगे की कार्रवाई में जुटी है.
ग्रामीणों ने अवैध कट बंद कराने की मांग की
घटनास्थल पर मौजूद ग्रामीणों का आरोप था कि रामपुर खजुरिया ओवरब्रिज के पास बने अवैध कट के कारण अक्सर दुर्घटना का खतरा बना रहता है. ग्रामीणों ने कहा कि यदि एनएचएआई की ओर से इस कट को पहले ही बंद करा दिया गया होता तो संभवतः यह हादसा टल सकता था.
एनएचएआई को दी गई सूचना
थानाध्यक्ष विवेक कुमार बालेंदु ने बताया कि ओवरब्रिज के पास बने अवैध कट के संबंध में एनएचएआई को सूचना दे दी गई है. पुलिस की ओर से मामले की जांच की जा रही है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढ़ें: अगस्त क्रांति का वो दौर, जब मोतिहारी में छात्रों-किसानों ने अंग्रेजों के खिलाफ संभाल ली थी कमान
