चंपारण में दो सगे भाई बने प्रशासनिक अधिकारी, बधाई देने पहुंचे सांसद और विधायक

Ramgarhwa Success Story: पूर्वी चंपारण के रामगढ़वा के अहिरौलिया गांव के दो सगे भाई विवेक मिश्रा और दिलजीत मिश्रा प्रशासनिक अधिकारी बने हैं. सांसद संजय जायसवाल ने उन्हें सम्मानित किया.

रामगढ़वा पूर्वी चंपारण से अरुण कुमार ओझा की रिपोर्ट’

Ramgarhwa Success Story: रामगढ़वा प्रखंड के अहिरौलिया गांव ने एक बार फिर अपनी शैक्षणिक प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए पूरे जिले का मान बढ़ाया है. गांव के निवासी एवं शिक्षक गोपाल मिश्रा के दोनों पुत्रों ने देश-राज्य की प्रतिष्ठित प्रतियोगी परीक्षाओं में शानदार सफलता हासिल कर प्रशासनिक सेवा में अपना स्थान बनाया है. दोनों सगे भाइयों की इस ऐतिहासिक उपलब्धि से पूरे गांव और आसपास के क्षेत्रों में जश्न का माहौल है.

दोनों भाइयों का प्रशासनिक सेवा में चयन

मिली जानकारी के अनुसार, शिक्षक गोपाल मिश्रा के बड़े पुत्र विवेक मिश्रा का चयन असिस्टेंट कमिश्नर (स्टेट इनकम टैक्स) के पद पर हुआ है. वहीं, उनके छोटे पुत्र दिलजीत मिश्रा ने भी अपनी प्रतिभा का परचम लहराते हुए प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) के पद पर सफलता प्राप्त की है.

सांसद और विधायक ने घर पहुंचकर बढ़ाया हौसला

दोनों भाइयों की इस अभूतपूर्व सफलता को लेकर रविवार को पश्चिमी चंपारण के सांसद डॉ. संजय जायसवाल तथा सुगौली विधानसभा क्षेत्र के विधायक राजेश कुमार उर्फ बब्लू गुप्ता विशेष रूप से अहिरौलिया गांव स्थित शिक्षक गोपाल मिश्रा के आवास पर पहुंचे. इस दौरान उन्होंने दोनों सफल अभ्यर्थियों को अंगवस्त्र और पुष्पगुच्छ भेंट कर जिले की तरफ से सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं.

ग्रामीण युवाओं के लिए रोल मॉडल बने दोनों भाई

इस मौके पर उपस्थित ग्रामीणों और परिजनों को संबोधित करते हुए सांसद डॉ. संजय जायसवाल ने कहा कि विवेक और दिलजीत ने अपनी मेहनत, अनुशासन और लगन के दम पर आज यह मुकाम हासिल किया है. उनकी यह सफलता ग्रामीण क्षेत्र के उन तमाम युवाओं के लिए प्रेरणादायी है जो बड़े सपनों को पूरा करना चाहते हैं. यह सफलता साबित करती है कि सीमित संसाधनों के बावजूद अगर दृढ़ संकल्प हो, तो बड़ी से बड़ी उपलब्धियां प्राप्त की जा सकती हैं.

वहीं, विधायक राजेश कुमार उर्फ बब्लू गुप्ता ने कहा कि एक शिक्षक परिवार के दो बेटों का एक साथ प्रशासनिक सेवा में चयन होना पूरे चंपारण के लिए गौरव की बात है. उन्होंने स्थानीय विद्यार्थियों से दोनों भाइयों के संघर्ष और समर्पण से सीख लेने की अपील की.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Purushottam Kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >