Motihari: पताही में दो माह में ही टूटने लगी मुख्यमंत्री ग्राम सड़क, फोटो वायरल होते ही हरकत में आया विभाग

पताही प्रखंड में मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत बनी परसौनी कपूर-रामपुर मनोरथ सड़क निर्माण के दो माह बाद ही क्षतिग्रस्त हो गई. सड़क और पुल की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद विभाग ने जांच कर मरम्मत कार्य शुरू कराया. पढ़ें पूरी खबर…

मोतिहारी के पताही से विकास कुमार सिंह की रिपोर्ट

Motihari News: पताही प्रखंड में मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत निर्मित परसौनी कपूर से बोकानेकला होते हुए रामपुर मनोरथ तक जाने वाली सड़क निर्माण के दो माह बाद ही क्षतिग्रस्त होने का मामला सामने आया है. सड़क और पुल के क्षतिग्रस्त हिस्से की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद ग्रामीण विकास विभाग सक्रिय हुआ और जांच के बाद मरम्मत कार्य शुरू कराया गया.

सड़क निर्माण के कुछ ही समय बाद उभरी समस्या

जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत करीब 1.8 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण कराया गया था. सड़क निर्माण के दौरान पहले से बने एक पुराने पुल के ऊपर ही सड़क बनाई गई थी. निर्माण कार्य पूरा होने के करीब दो माह बाद पुलिया के समीप सड़क और पुल का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया. इसके बाद स्थानीय लोगों ने इसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा कीं, जिससे मामला चर्चा में आ गया.

गुणवत्ता को लेकर उठे सवाल

सड़क और पुल के क्षतिग्रस्त होने के बाद ग्रामीणों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाए. कुछ ग्रामीणों ने मामले की जांच कराने की मांग भी की. हालांकि, विभागीय अधिकारियों का कहना है कि सड़क जिस पुराने पुल के ऊपर बनाई गई थी, वही पुल भारी वाहनों के आवागमन के कारण क्षतिग्रस्त हुआ, जिससे सड़क का हिस्सा भी प्रभावित हुआ.

जांच के बाद शुरू कराया गया मरम्मत कार्य

सोशल मीडिया पर तस्वीरें वायरल होने के बाद ग्रामीण विकास विभाग, पकड़ीदयाल डिवीजन ने मामले का संज्ञान लिया. विभाग के जूनियर इंजीनियर अभिषेक कुमार ने स्थल निरीक्षण कर क्षतिग्रस्त सड़क और पुल की जांच की. जांच के बाद ठेकेदार को मरम्मत कार्य कराने का निर्देश दिया गया. विभाग की देखरेख में क्षतिग्रस्त हिस्से को हटाकर दोबारा निर्माण कराया जा रहा है.

पूरे सड़क मार्ग का किया गया निरीक्षण

जूनियर इंजीनियर अभिषेक कुमार ने बताया कि उक्त पथ पर पूर्व से निर्मित पुल के ऊपर सड़क बनाई गई थी. भारी वाहनों के दबाव के कारण पुल और सड़क का कुछ हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया था.

उन्होंने बताया कि क्षतिग्रस्त हिस्से को तोड़कर पुनर्निर्माण कराया जा रहा है. साथ ही पूरे सड़क मार्ग का निरीक्षण भी किया गया है ताकि अन्य स्थानों पर किसी प्रकार की तकनीकी समस्या होने पर समय रहते उसका समाधान किया जा सके.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Sarfaraz Ahmad

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >