मोतिहारी न्यूज: पताही अंचल कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में प्रखंड क्षेत्र के 55 भूमिहीन परिवारों के बीच जमीन का पर्चा वितरित किया गया. शिवहर सांसद लवली आनंद, चिरैया विधायक लालबाबू प्रसाद गुप्ता, पूर्व सांसद आनंद मोहन एवं सीओ नितेश कुमार सेठ ने लाभुकों के बीच पर्चा बांटा. जमीन का पर्चा मिलने के बाद भूमिहीन परिवारों में खुशी का माहौल रहा.
55 भूमिहीनों को मिला जमीन का पर्चा
कार्यक्रम में उर्मिला देवी, मीना देवी, गोपाल ठाकुर, रीना देवी, सुमित्रा देवी, ममता देवी समेत कुल 55 भूमिहीनों को जमीन का पर्चा दिया गया. पर्चा मिलने के बाद लाभुकों ने इसे अपने लिए बड़ी राहत बताया.
सांसद बोलीं- भूमिहीनों को जमीन देने का काम कर रही सरकार
पर्चा वितरण के बाद शिवहर सांसद लवली आनंद ने कहा कि एनडीए सरकार के नेतृत्व में बिहार के विकास के साथ भूमिहीन परिवारों को जमीन उपलब्ध कराने का काम किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि इसी कड़ी में पताही प्रखंड के 55 भूमिहीन परिवारों को जमीन का पर्चा दिया गया है.
सांसद ने कहा कि बागमती नदी पर खोरीपाकर-अदौरी घाट के बीच पुल निर्माण को लेकर भी प्रक्रिया चल रही है. पुल बनने से क्षेत्र के लोगों को आवागमन में काफी सुविधा मिलने की उम्मीद है.
विधायक ने भी गिनायी सरकार की पहल
चिरैया विधायक लालबाबू प्रसाद गुप्ता ने कहा कि सरकार बिहार के भूमिहीन परिवारों को जमीन उपलब्ध कराने की दिशा में काम कर रही है. उन्होंने कहा कि पर्चा मिलने से भूमिहीन परिवारों को अपने आशियाने के लिए जमीन उपलब्ध हो सकेगी.
बुके देकर अतिथियों का किया स्वागत
कार्यक्रम में अतिथियों का स्वागत बुके देकर किया गया. मौके पर बीस सूत्री अध्यक्ष टुनटुन सिंह, उपाध्यक्ष अमीरुल हक, आरओ अनिल कुमार, उप प्रमुख प्रतिनिधि ओमप्रकाश सिंह, आनंद कुमार, पवन बंसल समेत अन्य लोग मौजूद रहे.
यह भी पढे़ं:
बेतिया राज की जमीन पर क्यों मचा घमासान? 600+ रैयतदार पुराने दस्तावेज लेकर पहुंचे प्रशासन के पास
