घोड़ासहन. बिजली के करेंट लगने से एक 35 वर्षीय युवक की मौत हो गई. घटना थाना क्षेत्र के भेलवा बाजार पर मंगलवार की सुबह की है. दुकान खोलने के दौरान वह बिजली के करेंट की चपेट में आ गया और उसकी मौत हो गई. मृतक की पहचान थाना क्षेत्र के भेलवा रुइहट्टा निवासी जयप्रकाश सिंह के पुत्र संजीव कुमार सिंह के रूप में हुई है. ग्रामीणों ने बताया कि मृतक की भेलवा बाजार पर पान व जेनरल स्टोर की दुकान है. प्रतिदिन की भांति मंगलवार की सुबह भी वह दुकान खोलने गया था. इस दौरान दुकान में लगा बिजली का तार कट कर दुकान की शटर में सट गया था. इससे पूरे शटर में बिजली का करेंट प्रवाहित हो रहा था. जैसे ही संजीव दुकान खोल कर शटर उठाने का प्रयास किया, वह बिजली के करेंट के चपेट में आ गया. आनन फानन में लोगो ने इलाज के लिए संजीव को मोतिहारी ले गये, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतक का शव कब्जे में कर पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया. इधर घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिवार में चीख पुकार शुरू हो गई. वहीं गांव में मातम पसर गया. पत्नी ज्योति देवी सहित परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
