Motihari News: मोतिहारी में दर्दनाक हादसा: पताही के परसौनी कपूर में ट्रैक्टर पलटने से 20 वर्षीय चालक की मौत

Motihari News:मिट्टी से लदा ट्रैक्टर पलटने से 20 वर्षीय चालक गौरव कुमार की दर्दनाक मौत हो गई. इस हादसे के बाद से पीड़ित परिवार में कोहराम मचा हुआ है. पढे़ं पूरी खबर…

Motihari News:मोतिहारी जिले के पताही थाना क्षेत्र अंतर्गत परसौनी कपूर गांव में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है. यहां मिट्टी से लदा एक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया, जिसके नीचे दबने से 20 वर्षीय युवा ट्रैक्टर चालक की मौके पर ही मौत हो गई. मृतक की पहचान परसौनी कपूर गांव निवासी संतोष सिंह के 20 वर्षीय पुत्र गौरव कुमार के रूप में की गई है. इस घटना के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है और पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है.

मिट्टी लादकर सरेह से लौटने के दौरान हुआ हादसा

जानकारी हो की गौरव कुमार गांव के ही एक व्यक्ति का ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर सरेह (खेत) से मिट्टी लोड करने गया था. वह मिट्टी लादकर वापस गांव की ओर लौट रहा था. इसी दौरान परसौनी कपूर गांव के उच्च विद्यालय के समीप अचानक ट्रैक्टर चालक का नियंत्रण वाहन पर से खो गया और ट्रैक्टर बीच सड़क पर ही पलट गया. ट्रैक्टर के पलटते ही गौरव उसके भारी-भरकम मलबे के नीचे बुरी तरह दब गया.

ग्रामीणों ने जेसीबी से निकाला बाहर

घटना की जानकारी मिलते ही भारी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए. ग्रामीणों ने तुरंत तत्परता दिखाते हुए एक जेसीबी मशीन की व्यवस्था की और ट्रैक्टर को हटाकर गौरव को गंभीर हालत में बाहर निकाला. उसे इलाज के लिए तुरंत पकड़ीदयाल के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी. अस्पताल के चिकित्सकों ने जांच के बाद युवक को मृत घोषित कर दिया. गौरव अपने तीन भाइयों में सबसे बड़ा था और उसकी मौत से माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है.

पुलिस को आवेदन का इंतजार, जांच के बाद होगी कार्रवाई

हादसे की सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है.पताही के थानाध्यक्ष बबन कुमार ने बताया कि परसौनी कपूर गांव में ट्रैक्टर पलटने से एक युवक की मौत होने की सूचना पुलिस को मिली है. पुलिस मामले पर नजर बनाए हुए है.थानाध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि इस संबंध में अभी तक पीड़ित परिवार या ग्रामीणों की तरफ से कोई लिखित आवेदन नहीं मिला है. पुलिस को जैसे ही लिखित आवेदन प्राप्त होगा, आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी जाएगी.

मोतिहारी / पताही से विकास कुमार सिह का रिपोर्ट

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: SUMIT KUMAR

सुमित पत्रकारिता में पिछले 4 वर्षों से सक्रिय। प्रभात खबर के प्रिंट मीडिया के साथ काम करने के बाद वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम से जुड़े हुए हैं। क्राइम, हाईपरलोकल, स्वास्थ्य विभाग व राजनीतिक रिपोर्टिंग में विशेष रुचि और अनुभव रखते हैं। क्षेत्रीय मुद्दों और जनसरोकार की खबरों को सशक्त तरीके से उठाने के लिए जाने जाते हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >