स्वतंत्रता दिवस पर महादलित टोलों में बुजुर्ग करेंगे ध्वजारोहण, डीएम ने विशेष अधिकारियों को किया नामित

मोतिहारी में स्वतंत्रता दिवस समारोह को ऐतिहासिक बनाने की तैयारी तेज है. इस वर्ष महादलित टोलों में बुजुर्गों के हाथों झंडारोहण कराया जाएगा. जिलाधिकारी ने विस्तृत निर्देश जारी किए हैं.

Independence Day Motihari: स्वतंत्रता दिवस समारोह को भव्य और ऐतिहासिक बनाने के लिए पूर्वी चंपारण के जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव ने प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां तेज कर दी हैं. समारोह के सफल संचालन के लिए विभागवार अधिकारियों की जिम्मेदारी तय करते हुए अलग-अलग टीमों का गठन किया गया है.

मुख्य समारोह स्थल पर विशेष व्यवस्था

स्वतंत्रता दिवस का मुख्य राजकीय समारोह ऐतिहासिक गांधी मैदान में सुबह 9:00 बजे आयोजित किया जाएगा. समारोह में जिले के प्रभारी मंत्री श्रवण कुमार को ध्वजारोहण के लिए आमंत्रित करने का निर्णय लिया गया है. मानसून के मौसम को देखते हुए डीएम ने परेड मार्ग (ट्रैक) को दुरुस्त करने, जलजमाव रोकने तथा बैरिकेडिंग व रंग-रोगन का काम समय से पूरा करने का सख्त निर्देश दिया है.

अधिकारियों को सौंपी गई जिम्मेदारी

जिलाधिकारी ने समारोह के विभिन्न पहलुओं की देखरेख के लिए अधिकारियों को जिम्मेदारियां बांटी हैं:

  • साफ-सफाई व प्रतिमाओं का रंग-रोगन: नगर निगम क्षेत्र में स्थापित महापुरुषों की मूर्तियों की स्वच्छता की जिम्मेदारी नगर आयुक्त को दी गई है. समाहरणालय परिसर में बाबा साहेब अंबेडकर और बाल उद्यान में महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण की व्यवस्था जिला नजारत उप समाहर्ता संभालेंगे.
  • परेड और रिहर्सल: मुख्य समारोह से पहले परेड का फुल ड्रेस रिहर्सल आयोजित किया जाएगा, जिसकी मॉनिटरिंग सुरक्षा बलों एवं प्रशासनिक अधिकारियों की संयुक्त टीम करेगी.
  • लाइव प्रसारण: डीपीआरओ और जिला आईटी प्रबंधक को सोशल मीडिया तथा जिला प्रशासन के प्लेटफॉर्म पर लाइव टेलीकास्ट कराने की जिम्मेदारी दी गई है.
  • सांस्कृतिक संध्या: शाम 5:00 बजे महात्मा गांधी प्रेक्षागृह में आयोजित होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रम की कमान डीईओ को सौंपी गई है.

महादलित टोलों में विशेष पहल

इस वर्ष भी जिले के महादलित टोलों में वहां के बुजुर्ग व्यक्तियों के हाथों झंडारोहण कराया जाएगा. डीएम ने इसके लिए विशेष अधिकारियों को नामित किया है, जो झंडारोहण के साथ-साथ उन बस्तियों में सरकार की लोक-कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी ग्रामीणों को देंगे.

ये भी पढ़ें: ग्रामीण स्कूलों में बदलेगा क्लासरूम का माहौल, 'नो एज-गैप मॉडल' से ड्रॉपआउट रोकने की अनूठी पहल


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Intejarul haq

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >