Nepal Flood: काठमांडू-पोखरा का रास्ता बंद, रक्सौल बॉर्डर पर फंसे सैकड़ों पर्यटक, सीतामढ़ी में हाई अलर्ट

नेपाल के चीन सीमा क्षेत्र में भोटेकोशी नदी में अचानक आई बाढ़ ने हालात बिगाड़ दिए हैं. काठमांडू और पोखरा जाने वाले प्रमुख मार्ग बंद होने से सैकड़ों भारतीय पर्यटक रक्सौल बॉर्डर पर फंसे हुए हैं. सीतामढ़ी जिले में भी नदियों के जलस्तर में वृद्धि की आशंका को देखते हुए हाई अलर्ट जारी किया गया है.

Nepal Flood: नेपाल के चीन सीमा क्षेत्र रसुवा में बुधवार सुबह भोटेकोशी नदी में अचानक आयी बाढ़ के बाद हालात बिगड़ गये हैं. बाढ़ के कारण काठमांडू और पोखरा जाने वाले प्रमुख मार्गों पर वाहनों की आवाजाही रोक दी गयी है. इसका असर भारत-नेपाल सीमा पर भी देखने को मिल रहा है. रक्सौल बॉर्डर पर नेपाल जाने वाले सैकड़ों पर्यटक फंस गये हैं.

काठमांडू-पोखरा जाने वाला रास्ता बंद

रक्सौल से मिली जानकारी के अनुसार, भोटेकोशी नदी में अचानक जलस्तर बढ़ने के बाद नेपाल सरकार ने काठमांडू और पोखरा जाने वाले मार्ग पर वाहनों की आवाजाही रोक दी. भारत के अलग-अलग हिस्सों से रक्सौल पहुंचे कई पर्यटकों को बॉर्डर पर ही रुकना पड़ा.

नेपाल के वीरगंज में पर्यटन एजेंसी चलाने वाले बिट्टू कुमार गुप्ता ने बताया कि मनोकामना होकर पोखरा और काठमांडू जाने वाला रास्ता त्रिशूली नदी के किनारे से होकर गुजरता है. नदी में उफान के कारण मार्ग को बंद किया गया है.

पहले से बुकिंग करा चुके पर्यटकों को भी फिलहाल वीरगंज में ही रोका गया है. रास्ता खुलने के बाद ही उन्हें आगे जाने की अनुमति मिलने की उम्मीद है.

रोजाना 200 से अधिक भारतीय वाहन नेपाल जाते हैं

पर्यटन कारोबारियों के अनुसार रक्सौल-बीरगंज बॉर्डर से रोजाना बड़ी संख्या में भारतीय पर्यटक नेपाल जाते हैं. करीब 200 से अधिक भारतीय वाहन, 50 से ज्यादा बसें और लगभग 70 टैक्सियां प्रतिदिन सीमा पार कर नेपाल के अलग-अलग पर्यटन स्थलों की ओर जाती हैं. नेपाल के प्रमुख राष्ट्रीय राजमार्ग पर बुधवार को भी वाहनों का परिचालन बंद रहा.

जनकपुर-काठमांडू मार्ग भी बंद

नेपाल में भारी बारिश और ऊपरी जलग्रहण क्षेत्रों में अत्यधिक जलप्रवाह का असर जनकपुर-काठमांडू मार्ग पर भी पड़ा है. चितवन से नान ढुंगा के बीच कई किलोमीटर तक सड़क पर पानी का तेज बहाव होने की सूचना है. इसके बाद नेपाल प्रशासन ने जनकपुर से काठमांडू जाने वाली बस सेवाओं पर रोक लगा दी है.

सीतामढ़ी के सात प्रखंडों में हाई अलर्ट

नेपाल की नदियों में बढ़ते जलस्तर को देखते हुए सीतामढ़ी जिला प्रशासन ने विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया है. एडीएम आपदा बृज किशोर पांडेय के अनुसार नेपाल से आने वाले पानी के कारण अगले दो से तीन दिनों में जिले की नदियों का जलस्तर अचानक बढ़ सकता है. बैरगनिया, सुप्पी, मेजरगंज, बेलसंड, रुन्नीसैदपुर, रीगा और परसौनी प्रखंडों में विशेष निगरानी रखी जा रही है.

डीएम और एसपी ने तटबंधों का किया निरीक्षण

स्थिति का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी तनय सुल्तानिया और पुलिस अधीक्षक अमित रंजन ने सुप्पी के जमला गांव, बैरगनिया बांध, चंदौली बांध और बागमती तटबंध का निरीक्षण किया. अधिकारियों ने कटाव निरोधक कार्यों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिये.

डीएम ने कहा कि फिलहाल जिले में बागमती नदी का जलस्तर खतरे के निशान से नीचे है और अभी बाढ़ जैसी स्थिति नहीं है. उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की है.

प्रशासन ने बच्चों और बुजुर्गों को सुरक्षित रखने तथा किसी भी आपात स्थिति में जिला नियंत्रण कक्ष के 06226-250316 नंबर पर संपर्क करने की अपील की है.

यह भी पढ़ें

Nepal Flood: ग्लेशियर फटने के बाद 105 भारतीयों समेत 384 पर्यटक लापता, गंडक में 4 लाख क्यूसेक पानी आने की आशंका

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By सरफराज अहमद

सरफराज अहमद IIMC से प्रशिक्षित पत्रकार हैं. राजनीति, समाज और हाइपरलोकल मुद्दों पर लिखते हैं. क्रिकेट और सिनेमा में गहरी रुचि रखते हैं. बीते तीन वर्षों से मीडिया क्षेत्र में सक्रिय हैं और वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ कार्यरत हैं।

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >