मोतिहारी में चार दिन रहेंगे केंद्र सरकार के अधिकारी, जानिए किन योजनाओं और प्रखंडों की होगी समीक्षा

पूर्वी चंपारण में नीति आयोग की विकास योजनाओं की जमीनी हकीकत परखने के लिए भारतीय राजस्व सेवा के वरिष्ठ अधिकारी नीरज कुमार चार दिवसीय दौरे पर हैं। वे कल्याणपुर और केसरिया प्रखंडों में स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि व बुनियादी ढांचे की प्रगति की विस्तृत समीक्षा करेंगे।

Motihari News: पूर्वी चंपारण में नीति आयोग के 'आकांक्षी प्रखंड कार्यक्रम' के तहत चल रही विकास योजनाओं की जमीनी हकीकत अब केंद्र सरकार खुद परखेगी. भारत सरकार द्वारा नामित केंद्रीय प्रभारी अधिकारी एवं भारतीय राजस्व सेवा (IRS) के वरिष्ठ अधिकारी नीरज कुमार सोमवार से जिले के चार दिवसीय दौरे पर हैं. इस दौरान वे कल्याणपुर और केसरिया प्रखंडों में विकास कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा करेंगे.

कल्याणपुर और केसरिया पर रहेगा विशेष फोकस

चार दिवसीय दौरे का मुख्य उद्देश्य कल्याणपुर और केसरिया प्रखंडों में नीति आयोग के तहत चल रही योजनाओं का मूल्यांकन करना है. केंद्रीय अधिकारी 5 प्रमुख थीम और 40 संकेतकों के आधार पर योजनाओं के क्रियान्वयन और उनके प्रभाव की समीक्षा करेंगे.

इन पांच क्षेत्रों की होगी जांच

दौरे के दौरान निम्नलिखित प्रमुख क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा—

  • स्वास्थ्य एवं पोषण
  • शिक्षा
  • कृषि एवं संबद्ध सेवाएं
  • बुनियादी ढांचा
  • सामाजिक विकास

इन सभी क्षेत्रों में सरकारी योजनाओं की वास्तविक स्थिति का आकलन किया जाएगा.

सिर्फ फाइल नहीं, जमीन पर भी होगी जांच

केंद्रीय प्रभारी अधिकारी केवल समीक्षा बैठकों तक सीमित नहीं रहेंगे, बल्कि कल्याणपुर और केसरिया प्रखंडों का फील्ड विजिट भी करेंगे. इस दौरान वे विभिन्न सरकारी संस्थानों का भौतिक निरीक्षण कर योजनाओं की वास्तविक स्थिति का जायजा लेंगे.

निरीक्षण के दौरान वे—

  • सरकारी विद्यालयों में पठन-पाठन, शिक्षकों की उपस्थिति और बुनियादी सुविधाओं की जांच करेंगे.
  • आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों और धात्री माताओं को मिलने वाली पोषण एवं स्वास्थ्य सेवाओं का मूल्यांकन करेंगे.
  • अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों में दवाओं की उपलब्धता, चिकित्सा सुविधाओं और ओपीडी सेवाओं की समीक्षा करेंगे.
  • ग्रामीण क्षेत्रों में चल रही आधारभूत संरचना और सामाजिक कल्याण योजनाओं का ऑन-स्पॉट सत्यापन करेंगे.

अधिकारियों को दिए गए आवश्यक निर्देश

जिला जनसंपर्क पदाधिकारी ज्ञानेश्वर प्रकाश ने बताया कि केंद्रीय प्रभारी अधिकारी के दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं. जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए हैं, ताकि समीक्षा के दौरान सभी योजनाओं की अद्यतन जानकारी उपलब्ध कराई जा सके.

यह भी पढे़ं: पूर्वी चंपारण: एग्जॉस्ट फैन तोड़कर दुकान में चोरी, 23 हजार नकद और 95 हजार का सामान लेकर फरार


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >