मोहर्रम को लेकर प्रशासन सख्त, डीजे और हथियारों पर प्रतिबंध

Muharram Guidelines Motihari: कल्याणपुर थाना परिसर में आयोजित शांति समिति की बैठक में प्रशासन ने बिना अनुमति जुलूस निकालने, डीजे बजाने और घातक हथियारों के प्रदर्शन पर प्रतिबंध लगाने का निर्देश दिया. सोशल मीडिया पर भी विशेष निगरानी रखी जाएगी. जानिए खबर विस्तार से...

मोतिहारी के कल्याणपुर से सुबोध कुमार सिंह की रिपोर्ट

Muharram Guidelines Motihari: आगामी मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर सोमवार शाम कल्याणपुर थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता थानाध्यक्ष विनीत कुमार ने की. बैठक में प्रखंड विकास पदाधिकारी चंद्रगुप्त कुमार बैठा, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं विभिन्न समुदायों के लोग उपस्थित रहे.

बिना अनुमति नहीं निकलेगा कोई जुलूस

बैठक को संबोधित करते हुए बीडीओ चंद्रगुप्त कुमार बैठा ने कहा कि मुहर्रम आपसी भाईचारे और शांति का पर्व है. उन्होंने सभी लोगों से प्रशासनिक दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की. उन्होंने स्पष्ट किया कि बिना अनुमति किसी भी प्रकार का जुलूस या अखाड़ा नहीं निकाला जाएगा.

डीजे और घातक हथियारों के प्रदर्शन पर रोक

प्रशासन ने मुहर्रम जुलूस के दौरान डीजे के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की घोषणा की. साथ ही बिना लाइसेंस किसी भी प्रकार के घातक हथियार के प्रदर्शन पर भी रोक रहेगी. अधिकारियों ने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी

थानाध्यक्ष विनीत कुमार ने कहा कि पर्व के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है. सोशल मीडिया पर भ्रामक, भड़काऊ अथवा अफवाह फैलाने वाली पोस्ट करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने लोगों से किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की.

सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर हुई चर्चा

बैठक में मुहर्रम जुलूस के निर्धारित मार्ग, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन तथा अन्य आवश्यक तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई. उपस्थित लोगों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का भरोसा दिलाया.

बैठक में अंचल राजस्व पदाधिकारी अलका अनु, असरार आलम, हेमंत सिंह, शंभू यादव, गुड्डू बाबू, मुस्तफा हुसैन, जमालुद्दीन, जयलाल पटेल, करण गुप्ता सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Purushottam Kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >