मोतिहारी से अमरेश वर्मा की रिपोर्ट
Motihari Theft: नगर थाना क्षेत्र के गोपालपुर वार्ड संख्या-34 में अज्ञात चोरों ने दिनदहाड़े एक सूने घर को निशाना बनाते हुए 80 हजार रुपये नकद और लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है. पीड़ित परिवार ने नगर थाना में आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज करने और मामले की जांच की मांग की है.
परिवार के बाहर जाते ही चोरों ने तोड़ा ताला
पीड़ित अमित कुमार ने बताया कि उनके बड़े भाई स्वर्गीय रंजन श्रीवास्तव के परिवार के सदस्य किसी आवश्यक कार्य से बाहर गए हुए थे. इसी दौरान चोरों ने घर के मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और पूरे घर को खंगाल डाला.
नकदी के साथ जेवरात भी ले गए
चोर घर से 80 हजार रुपये नकद, दो जोड़ी सोने की बाली, एक सोने की अंगूठी, चार सोने की नोज रिंग, एक सोने का दोलना, चांदी की चेन, ब्रेसलेट, पायल, बिछिया समेत अन्य कीमती आभूषण लेकर फरार हो गए.
सीसीटीवी फुटेज खंगालने की मांग
परिजन गुरुवार सुबह घर लौटे तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला और अंदर सामान बिखरा पड़ा था. जांच करने पर नकदी और जेवरात गायब मिले. घटना की सूचना तत्काल नगर थाना पुलिस को दी गई. पीड़ित परिवार ने पुलिस से वैज्ञानिक एवं तकनीकी तरीके से जांच, आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने, आरोपियों की गिरफ्तारी तथा चोरी गए सामान की बरामदगी की मांग की है.
यह भी पढ़े: 300 दिनों से लंबित मामलों पर एसपी सख्त, अधिकारियों को दिए कड़े निर्देश
