मोतिहारी: अपराध नियंत्रण में ढिलाई बर्दाश्त नहीं, एसपी ने दिए थानाध्यक्षों को सख्त संकेत

मोतिहारी: पूर्वी चंपारण में कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए एसपी स्वर्ण प्रभात ने थानों की समीक्षा शुरू कर दी है. खराब प्रदर्शन और लापरवाही बरतने वाले 4 से 6 थानाध्यक्षों का जल्द तबादला हो सकता है.

मोतिहारी से सच्चिदानंद सत्यार्थी की रिपोर्ट

मोतिहारी: पूर्वी चंपारण में कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने थानों के कामकाज की व्यापक समीक्षा शुरू कर दी है. प्रभात खबर से विशेष बातचीत में एसपी ने बताया कि कार्य में लापरवाही बरतने और अपेक्षित प्रदर्शन नहीं करने वाले 4 से 6 थानाध्यक्षों का जल्द तबादला किया जा सकता है. उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले के सभी थानों की कार्यशैली का मूल्यांकन किया जा रहा है और जवाबदेही तय की जाएगी.

कार्यशैली और प्रदर्शन के आधार पर होगी कार्रवाई

एसपी ने बताया कि समीक्षा के दौरान दो प्रमुख बिंदुओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है. पहला, थानों में कार्यों के प्रति लापरवाही और दूसरा, लंबित मामलों का त्वरित निष्पादन, अपराध नियंत्रण तथा थाने की समग्र कार्यक्षमता. उन्होंने कहा कि जो अधिकारी अपने दायित्वों का सही तरीके से निर्वहन नहीं करेंगे, उन्हें पद पर बनाए रखने का कोई औचित्य नहीं है. समीक्षा के दायरे में थानों में पदस्थापित कनीय पुलिस पदाधिकारी भी शामिल हैं.

छतौनी और मुफस्सिल थाना में हो चुका है बदलाव

एसपी के सख्त रुख का असर हाल के दिनों में देखने को मिला है. कर्तव्यों में लापरवाही के आरोप में छतौनी थानाध्यक्ष मृत्युंजय कुमार पासवान को लाइन क्लोज किया गया. इसके बाद पुलिस निरीक्षक अमित कुमार सिंह को छतौनी थाने की जिम्मेदारी सौंपी गई. वहीं, एससी-एसटी थाना के थानाध्यक्ष रहे अमित कुमार को मुफस्सिल थाना का नया प्रभारी बनाया गया. प्रशिक्षु डीएसपी प्रियंका कुमारी का प्रशिक्षण पूरा होने के बाद से यह पद रिक्त था.

पुलिस महकमे में बढ़ी हलचल

एसपी के इस फैसले के बाद पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई है. विभागीय सूत्रों के अनुसार, अपराध नियंत्रण को और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से आने वाले दिनों में कुछ अन्य महत्वपूर्ण थानों में भी प्रभार परिवर्तन किया जा सकता है. प्रशासन का मानना है कि जवाबदेही तय होने से पुलिसिंग में सुधार आएगा और आम लोगों का पुलिस पर भरोसा और मजबूत होगा.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Purushottam Kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >