Motihari News: बिहार में पूर्ण शराबबंदी के बावजूद सरकारी तंत्र से जुड़े लोगों की संलिप्तता थमने का नाम नहीं ले रही है. ताजा मामला पताही प्रखंड के बोकानेकला पंचायत से सामने आया है, जहाँ आंगनवाड़ी केंद्र संख्या 42 की सहायिका को पुलिस ने भारी मात्रा में शराब के साथ गिरफ्तार किया है.
56 बोतल शराब के साथ हुई थी गिरफ्तारी
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि सहायिका अपने क्षेत्र में अवैध रूप से शराब की बिक्री कर रही है. सूचना के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी की, जिसमें सहायिका को 56 बोतल शराब के साथ रंगे हाथों पकड़ा गया. गिरफ्तारी के बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है.
चयनमुक्त करने की प्रक्रिया शुरू
सहायिका की इस करतूत के बाद सीडीपीओ (CDPO) दास ने जिला प्रोग्राम पदाधिकारी को पत्र लिखकर उन्हें तत्काल प्रभाव से चयनमुक्त (सेवा मुक्त) करने का प्रस्ताव भेजा है. सीडीपीओ ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि केंद्र की सेविका ने लिखित जानकारी दी थी कि सहायिका लंबे समय से केंद्र से अनुपस्थित है और वह जेल में बंद है.
अनुशासनात्मक कार्रवाई की अनुशंसा
विभागीय सूत्रों के अनुसार, सरकारी पद पर रहते हुए आपराधिक और अनैतिक गतिविधियों में शामिल होना सेवा शर्तों का गंभीर उल्लंघन है. इसी आधार पर सीडीपीओ ने सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए चयनमुक्त करने की अनुशंसा की है. इस कार्रवाई से प्रखंड के अन्य कर्मियों में हड़कंप मचा हुआ है.
मोतिहारी के पताही से विकास कुमार सिंह की रिपोर्ट
