Motihari News: भारत-नेपाल सीमा पर स्थित पूर्वी चंपारण का जितना थाना क्षेत्र इन दिनों तस्करी और अवैध गतिविधियों का केंद्र बनता जा रहा है. इसी कड़ी में पुलिस और एसएसबी (SSB) की संयुक्त टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में नेपाली मुद्रा बरामद की है. रेगनिया बॉर्डर के समीप चलाए गए इस विशेष चेकिंग अभियान में एक साइकिल सवार को हिरासत में लिया गया, जिसके पास से लाखों रुपये की नेपाली करेंसी मिली है.
रेगनिया बॉर्डर पर पुलिस और एसएसबी की कार्रवाई
जितना थानाध्यक्ष सुधीर कुमार और पुअनि दीनानाथ सिंह के नेतृत्व में पुलिस व एसएसबी ने रेगनिया बॉर्डर पर घेराबंदी की थी. इसी दौरान एक साइकिल सवार संदिग्ध अवस्था में आता दिखा. तलाशी लेने पर उसके पास से 2 लाख 50 हजार 500 रुपये नेपाली मुद्रा बरामद हुई. गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान जितना थाना क्षेत्र के बिजबनी निवासी कृष्ण देव राय (पिता स्व. गोरख राय) के रूप में हुई है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी रकम सीमा पार किस उद्देश्य से ले जाई जा रही थी.
तस्करी और साइबर अपराध का अड्डा बना इलाका
जानकारों की मानें तो रक्सौल के बाद अब घोड़ासहन और जितना थाना क्षेत्र जाली नोटों, अवैध करेंसी और साइबर धंधेबाजों के लिए सुरक्षित ठिकाना बनता जा रहा है. पुलिस गिरफ्तार आरोपी से कड़ाई से पूछताछ कर रही है ताकि इस रैकेट से जुड़े अन्य सफेदपोशों और तस्करों का खुलासा हो सके. बरामद पैसे के संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है. इस कार्रवाई के बाद सीमावर्ती इलाकों में गश्त बढ़ा दी गई है.
मोतिहारी से सच्चिदानंद सत्यार्थी की रिपोर्ट
