मोतीहारी के अरेराज से हिमांशु की रिपोर्ट
Motihari News: पूर्वी चंपारण जिले के पहाड़पुर थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहां एक २४ वर्षीय युवक की बेरहमी से हत्या कर शव को नहर में फेंक दिया गया. बरकुरवा नहर में तैरता हुआ शव मिलने के बाद से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है. नहर में लाश होने की खबर आग की तरह फैल गई, जिसे देखने के लिए घटना स्थल पर स्थानीय ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी.
FSL और डॉग स्क्वायड की टीम बुलाई गई, परिजनों में कोहराम
घटना की जानकारी मिलते ही पहाड़पुर थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची. मामले की संवेदनशीलता और साक्ष्यों को सुरक्षित रखने के लिए एफएसएल (FSL) की विशेष टीम को भी घटना स्थल पर बुलाया गया. पुलिस अब डॉग स्क्वायड को भी मंगवाने की तैयारी में जुटी है ताकि हत्यारों का सुराग लगाया जा सके. इधर, मृतक की पहचान सोनवल बैरागी टोला निवासी रामबाबू कुमार के रूप में की गई है. युवक की मौत की खबर मिलते ही उसके परिजनों में चीख-पुकार मच गई और पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है.
प्रेम प्रसंग सहित कई बिंदुओं पर छानबीन शुरू
शुरुआती जांच के आधार पर पुलिस इसे हत्या का मामला मानकर चल रही है. अपराधियों ने युवक की हत्या करने के बाद साक्ष्य छुपाने के उद्देश्य से शव को बरकुरवा नहर में फेंक दिया था. पहाड़पुर थाना पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हत्या के पीछे प्रेम प्रसंग समेत कई अन्य आपसी विवाद के बिंदु सामने आ रहे हैं. पुलिस सभी संभावित पहलुओं पर गहनता से छानबीन कर रही है और दावा किया है कि जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
