मोतिहारी के तुरकौलिया से आफताब आलम की रिपोर्ट
Motihari News: तुरकौलिया चौक स्थित पीडब्ल्यूडी की जमीन पर अवैध रूप से बने पक्के मकानों और दुकानों को हटाने के लिए प्रशासन ने पूरी तरह से रुख अपना लिया है. अंचलाधिकारी (सीओ) संतोष कुमार ने बताया कि माननीय उच्च न्यायालय के आदेश के आलोक में जमीन की विधिवत मापी कराने के बाद लाल चिन्ह लगा दिया गया है और सभी अतिक्रमणकारियों को नोटिस जारी कर दिया गया है.प्रशासन की ओर से कुल 18 व्यक्तियों को नोटिस भेजे गए हैं, जिनमें पांच भूमिहीन लोग भी शामिल हैं. नोटिस में स्पष्ट रूप से चेतावनी दी गई है कि 3 दिनों के भीतर सभी लोग अपना-अपना अतिक्रमण स्वयं हटा लें, अन्यथा प्रशासन द्वारा बलपूर्वक इसे तोड़ा जाएगा.
सड़क बनने के बाद देखरेख की कमी का उठाया फायदा
यह पूरी जमीन मूल रूप से पीडब्ल्यूडी (PWD) की थी, लेकिन मोतिहारी-अरेराज-गोबिंदगंज रोड बनने के बाद विभाग द्वारा इसकी उचित देखरेख नहीं की गई. इसी लापरवाही का फायदा उठाकर डेढ़ दर्जन से अधिक लोगों ने धीरे-धीरे इस सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा जमा लिया. स्थानीय लोगों का कहना है कि इस अतिक्रमण के चलते पूरे तुरकौलिया चौक इलाके की यातायात व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है और सार्वजनिक सुविधाओं पर भी इसका बुरा असर पड़ रहा है.
हाई कोर्ट की फटकार के बाद एक्शन में आया प्रशासन
बता दें कि इस मामले में अधिकांश अतिक्रमणकारियों के खिलाफ वर्ष 2023 में ही स्थानीय थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई थी. इनमें से कुछ लोग कोर्ट से बेल करा चुके हैं, जबकि कुछ नामजद आरोपितों की गिरफ्तारी अभी तक नहीं हो पाई है और पुलिस लगातार उनकी तलाश में छापेमारी कर रही है.इससे पूर्व में भी हाई कोर्ट के आदेश पर अतिक्रमणकारियों को प्रपत्र 1 और 2 के तहत नोटिस भेजा गया था, लेकिन इसके बावजूद कब्जा नहीं हटाया गया. कोर्ट ने इस पर नाराजगी जताते हुए प्रशासन को फटकार लगाई और एक सप्ताह के भीतर हर हाल में अतिक्रमण मुक्त कराने का कड़ा निर्देश दिया.
