मोतिहारी से सच्चिदानंद सत्यार्थी की रिपोर्ट
Motihari News: पूर्वी चंपारण जिले में अवैध आरा मिल संचालकों के खिलाफ वन विभाग और पुलिस प्रशासन ने कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है. इसी क्रम में बुधवार की शाम डीएसपी ऋषभ कुमार के नेतृत्व में वन विभाग की संयुक्त टीम ने सुगौली थाना क्षेत्र के फुलवरिया गांव में संचालित ‘धनधन प्लाईवुड एंटरप्राइजेज’ नामक आरा मिल पर अचानक छापेमारी की. इस बड़ी कार्रवाई से क्षेत्र के अवैध मिल संचालकों में हड़कंप मच गया है.
कागजात नहीं मिलने पर मिल को किया गया सील
छापेमारी के दौरान वन विभाग के अधिकारियों ने आरा मिल प्रबंधन से लकड़ी की खरीद-बिक्री और मिल संचालन से जुड़े आवश्यक वैध कागजात प्रस्तुत करने को कहा. हालांकि, मौके पर मिल संचालक द्वारा कोई भी वैध दस्तावेज या जरूरत के पेपर नहीं दिखाए जा सके. कागजात के अभाव में वन विभाग के अधिकारियों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तत्काल प्रभाव से आरा मिल को पूरी तरह सील कर दिया.
समय पर कागजात नहीं देने पर होगी कड़ी कानूनी कार्रवाई
वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि मिल परिसर को सील करने के साथ ही संचालक को वैध कागजात प्रस्तुत करने के लिए समय दिया गया है. अधिकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि निर्धारित समय के भीतर मिल से जुड़े सही और वैध दस्तावेज नहीं दिखाए जाते हैं, तो मिल संचालक के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी. इस सख्त कार्रवाई के बाद से सुगौली और आसपास के क्षेत्रों में अवैध रूप से आरा मिल चलाने वाले माफियाओं में डर का माहौल व्याप्त है. वन विभाग ने आगे भी इस तरह के छापेमारी अभियान को जारी रखने की बात कही है.
