अपराधियों की अब खैर नहीं, लंबित मामलों पर डीएम-एसपी की सीधी नजर

Motihari News: मोतिहारी में अपराधियों को जल्द सजा दिलाने और लंबित मामलों के समयबद्ध निष्पादन के लिए डीएम और एसपी ने त्वरित विचारण मामलों की पाक्षिक समीक्षा शुरू की है. अधिकारियों को दोषसिद्धि बढ़ाने और हर 15 दिन प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए.

मोतिहारी से अमरेश वर्मा की रिपोर्ट

Motihari News: अपराधियों को जल्द सजा दिलाने और लंबित आपराधिक मामलों के त्वरित निष्पादन के उद्देश्य से जिला प्रशासन और पुलिस ने नई रणनीति लागू की है. इसी क्रम में बुधवार को पुलिस केंद्र, मोतिहारी में त्वरित विचारण एवं सामान्य विचारण से जुड़े मामलों की पहली पाक्षिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक की संयुक्त अध्यक्षता जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने की.

लंबित मामलों की हुई विस्तृत समीक्षा

बैठक में उप-निदेशक सह मुख्य अभियोजक, सभी अभियोजन पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, अंचल पुलिस निरीक्षक, त्वरित विचारण प्रभारी, अभियोजन शाखा प्रभारी तथा अभियोजन कर्मी उपस्थित रहे. जून 2026 के दौरान न्यायालय में लंबित त्वरित एवं सामान्य विचारण के मामलों की विस्तृत समीक्षा की गई.

दोष सिद्धि बढ़ाने पर विशेष जोर

समीक्षा के दौरान अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि अनुसंधान, चार्जशीट, गवाहों की उपस्थिति और न्यायालय में प्रभावी पैरवी के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया जाए. अधिक से अधिक मामलों में दोषसिद्धि सुनिश्चित करने के लिए सभी स्तरों पर समन्वित कार्रवाई करने को कहा गया.

हर 15 दिन होगी प्रगति की समीक्षा

जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि लंबित मामलों का समयबद्ध निष्पादन सर्वोच्च प्राथमिकता होगी. प्रत्येक पाक्षिक बैठक में मामलों की प्रगति की समीक्षा की जाएगी तथा संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही भी तय होगी.

अपराधियों में बढ़ेगा कानून का डर

पुलिस-प्रशासन का मानना है कि त्वरित विचारण व्यवस्था को प्रभावी बनाने से अपराधियों में कानून का भय बढ़ेगा और पीड़ितों को समय पर न्याय मिलेगा. अधिकारियों ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को मामलों के शीघ्र निष्पादन के लिए गंभीरता से कार्य करने के निर्देश दिए.

यह भी पढ़ें: पूर्वी चंपारण के 13,419 गरीब परिवारों को मिलेगी सोलर बिजली, सांसद राधामोहन सिंह की अध्यक्षता में बैठक

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Purushottam Kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >