पूर्वी चंपारण के 13,419 गरीब परिवारों को मिलेगी सोलर बिजली, सांसद राधामोहन सिंह की अध्यक्षता में बैठक

Motihari News: पूर्वी चंपारण के 13,419 बीपीएल परिवारों में प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत सोलर रूफटॉप लगाए जाएंगे. जिला विद्युत समिति की बैठक में सदर अस्पताल और एमएस कॉलेज के पास नए पावर सब-स्टेशन सहित बिजली व्यवस्था सुधारने के कई अहम फैसले लिए गए.

मोतिहारी से इन्तेजारुल हक की रिपोर्ट

Motihari News: पूर्वी चंपारण जिले के 13,419 बीपीएल परिवारों को प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत सोलर रूफटॉप यंत्र उपलब्ध कराने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है. बुधवार को समाहरणालय स्थित डॉ. राधाकृष्णन सभागार में पूर्व केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री सह सांसद राधामोहन सिंह की अध्यक्षता में आयोजित जिला स्तरीय विद्युत समिति की बैठक में इस योजना सहित बिजली व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए.

13,419 गरीब परिवारों को मिलेगा सोलर रूफटॉप का लाभ

बैठक में प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की प्रगति की समीक्षा की गई. अधिकारियों ने बताया कि जिले के 13,419 बीपीएल परिवारों में सोलर रूफटॉप सिस्टम स्थापित किए जाएंगे. योजना के क्रियान्वयन की जिम्मेदारी ओसवाल पम्प्स लिमिटेड को सौंपी गई है.

सदर अस्पताल और एमएस कॉलेज के पास बनेगा पावर सब-स्टेशन

बैठक में बढ़ते विद्युत भार को देखते हुए सदर अस्पताल परिसर और एमएस कॉलेज के समीप ई-हाउस आधारित नए पावर सब-स्टेशन के निर्माण का प्रस्ताव रखा गया. इसके अलावा पदुमकेर-पताही क्षेत्र में भी नए पावर सब-स्टेशन की स्थापना की योजना पर चर्चा हुई, ताकि उपभोक्ताओं को निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति मिल सके.

चोरी हुए तारों को जल्द बदलने का निर्देश

सांसद राधामोहन सिंह ने कृषि फीडरों से चोरी हुए बिजली तारों को अविलंब बदलने का निर्देश दिया. साथ ही विद्युत चोरी और तार चोरी की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के लिए जनभागीदारी बढ़ाने और स्थानीय नागरिकों के सहयोग से निगरानी मजबूत करने पर जोर दिया.

विधायकों ने रखीं क्षेत्र की समस्याएं

बैठक के दौरान विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों के विधायकों ने जर्जर बिजली पोल और तारों के प्रतिस्थापन, अतिरिक्त वितरण ट्रांसफॉर्मर लगाने तथा बिजली आपूर्ति में सुधार से जुड़े प्रस्ताव रखे. उन्होंने अपने-अपने क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण और नियमित बिजली उपलब्ध कराने की मांग की.

अधिकारी रहे मौजूद

बैठक में विधायक प्रमोद कुमार, कृष्णानंदन पासवान, राणा रणधीर सिंह, लाल बाबू प्रसाद, शालिनी मिश्रा, राजेश कुमार, फैसल रहमान, प्रमोद कुमार सिन्हा, विशाल कुमार, जिलाधिकारी सह संयोजक सौरभ सुमन यादव, विद्युत अधीक्षण अभियंता सह सदस्य सचिव राकेश रौशन, सहायक समाहर्ता राजकृष्ण झा सहित विद्युत विभाग के सभी कार्यपालक अभियंता, सहायक विद्युत अभियंता और अन्य अधिकारी उपस्थित रहे.

यह भी पढ़ें: दिल्ली जाने वाले यात्रियों को बड़ा झटका, दरभंगा से अकासा और स्पाइसजेट की उड़ान रद्द,

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Purushottam Kumar

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >