Motihari News: पूर्वी चंपारण जिले में भूमि अभिलेखों के सुधार (परिमार्जन) में अंचल स्तर पर बढ़ती लापरवाही को लेकर जिला प्रशासन सख्त हो गया है. मोतिहारी सदर अंचल में आवेदनों के निष्पादन में हो रही अत्यधिक देरी और वरीय अधिकारियों के आदेशों की अनदेखी पर अपर समाहर्ता ने कड़ी नाराजगी जताई है. उन्होंने सदर अंचलाधिकारी (सीओ) को पत्र भेजकर मामले में शीघ्र नियमानुकूल कार्रवाई करने का सख्त निर्देश दिया है.
तीन-तीन पत्रों के बावजूद नहीं हुई कार्रवाई, आईडी संख्या का हवाला
यह मामला मुफस्सिल थाना क्षेत्र के अहिरटोली गुलरिया निवासी मनोज कुमार यादव के आवेदन से जुड़ा है. उन्होंने भूमि के खाता, खेसरा और रकबा में सुधार के लिए परिमार्जन प्लस के माध्यम से आवेदन (आईडी संख्या: 260227984690591) दिया था. जिला राजस्व शाखा द्वारा पूर्व में भी 7 मार्च 2026 और 23 मार्च 2026 को पत्र भेजकर सुधार का निर्देश दिया गया था. इसके बाद सदर अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) ने भी 12 मई 2026 को निर्देश जारी किया, लेकिन अंचल कार्यालय ने कोई कदम नहीं उठाया.
सदर अंचल में दर्जनों मामले लंबित, उदासीनता पर फूटा गुस्सा
अपर समाहर्ता ने पत्र में स्पष्ट कहा है कि लगातार तीन-तीन बार निर्देश दिए जाने के बावजूद अंचल स्तर से कोई कार्रवाई नहीं होना कार्य के प्रति घोर उदासीनता को दर्शाता है. गौरतलब है कि सदर अंचल में परिमार्जन के दर्जनों मामले लंबे समय से लंबित हैं, जिससे आम जनता लगातार दफ्तरों के चक्कर काटने को मजबूर है. अपर समाहर्ता ने सीओ को इस लंबित मामले की गहन समीक्षा कर त्वरित निष्पादन करने और की गई कार्रवाई से जिला मुख्यालय को अवगत कराने का आदेश दिया है.
मोतिहारी से सामंत कुमार गौतम की रिपोर्ट
