Motihari News: जिला मुख्यालय के समीपवर्ती रघुनाथपुर थाना में कर्तव्यनिष्ठ महिला पुलिस अधिकारी के रूप में अपनी पहचान बना चुकीं दारोगा नीलम कुमारी को एक बड़ी और महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है. मोतिहारी के पुलिस अधीक्षक (SP) स्वर्ण प्रभात ने उनकी उत्कृष्ट कार्यशैली और प्रशासनिक क्षमता को देखते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से रघुनाथपुर थाना का नया अपर थानाध्यक्ष (Circle/Additional SHO) नियुक्त किया है. इस महत्वपूर्ण पदस्थापन को लेकर जिला पुलिस कप्तान के कार्यालय से आधिकारिक आदेश पत्र जारी कर दिया गया है.
कार्य कुशलता और निष्ठा का मिला फल
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, महिला दारोगा नीलम कुमारी की विभागीय कार्यप्रणाली, अपराधियों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई और आम जनता की समस्याओं के निवारण के प्रति उनकी गंभीर निष्ठा को देखते हुए जिला पुलिस मुख्यालय ने यह बड़ा फैसला लिया है. प्रशासनिक और कानून-व्यवस्था के दृष्टिकोण से उनकी कार्य कुशलता को परखते हुए ही विभाग ने उन पर यह बड़ा भरोसा जताया है. उनकी इस नई तैनाती से न सिर्फ पुलिस महकमे का मनोबल बढ़ा है, बल्कि महिला सशक्तिकरण को भी बल मिला है.
पूर्व में बंजरिया थाना में दे चुकी हैं सेवाएं
नवनियुक्त अपर थानाध्यक्ष नीलम कुमारी वर्तमान में रघुनाथपुर थाना में ही सब-इंस्पेक्टर (SI) के पद पर अपनी सेवाएं दे रही थीं. इससे पूर्व, वे मोतिहारी के बंजरिया थाना में लंबे समय तक कार्यरत थीं. बंजरिया थाना क्षेत्र में पदस्थापन के दौरान भी उन्होंने अपनी सूझबूझ, कड़क कानून-व्यवस्था बनाए रखने और कई पेचीदा मामलों का उद्भेदन कर जिला पुलिस में अपनी एक बेहतर और विशिष्ट पहचान बनाई थी.
इलाके की पुलिसिंग होगी और मजबूत
रघुनाथपुर में अब अपर थानाध्यक्ष के रूप में उनके कमान संभालने से स्थानीय स्तर पर पुलिसिंग व्यवस्था और अधिक चुस्त-दुरुस्त होने की पूरी उम्मीद है. विशेषकर महिला अपराधों, घरेलू हिंसा और स्थानीय विधि-व्यवस्था को नियंत्रित करने में उनके लंबे विधिक व जमीनी अनुभव का सीधा लाभ रघुनाथपुर थाना क्षेत्र की जनता को मिलेगा. उनकी इस नई कामयाबी पर बंजरिया और रघुनाथपुर क्षेत्र के साथी पुलिसकर्मियों ने उन्हें बधाई देते हुए खुशी जाहिर की है.
मोतिहारी बंजरिया से राज निखिल का रिपोर्ट
