Motihari News: 22 अपराधियों के घरों की कुर्की, तीन ने किया सरेंडर, पुलिस एक्शन से हड़कंप

Motihari News: मोतिहारी पुलिस ने जिलेभर में विशेष अभियान चलाकर 28 फरार अपराधियों से जुड़े मामलों का निष्पादन किया. 22 घरों में कुर्की-जब्ती हुई, तीन अपराधी गिरफ्तार किए गए और पुलिस दबाव के चलते तीन आरोपियों ने आत्मसमर्पण कर दिया. पढ़ें पूरी खबर…

मोतिहारी से अमरेश वर्मा की रिपोर्ट

Motihari News: पूर्वी चंपारण में फरार अपराधियों के खिलाफ मोतिहारी पुलिस ने रविवार को बड़ा अभियान चलाकर कड़ा संदेश दिया. जिलेभर में एक साथ हुई कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 28 फरार अपराधियों से जुड़े मामलों का निष्पादन किया. कहीं कुर्की-जब्ती हुई, कहीं गिरफ्तारी हुई तो कई आरोपी पुलिस की बढ़ती दबिश से घबराकर खुद ही सरेंडर करने पहुंच गए.

22 घरों में हुई कुर्की-जब्ती

पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक जिले के सभी अनुमंडलों में विशेष अभियान चलाया गया. इस दौरान 22 फरार अपराधियों के घरों पर कुर्की-जब्ती की कार्रवाई की गई. पुलिस टीमों ने न्यायालय के आदेश के अनुसार संपत्ति जब्त कर कानून से भाग रहे आरोपियों पर दबाव बनाया.

चिरैया और कोटवा में सबसे ज्यादा कार्रवाई

अभियान के दौरान चिरैया थाना क्षेत्र में सबसे अधिक सात अपराधियों के घरों की कुर्की की गई. वहीं कोटवा थाना क्षेत्र में पांच घरों पर कुर्की-जब्ती की कार्रवाई हुई. पुलिस दबाव बढ़ने के बाद कोटवा के दो आरोपियों ने आत्मसमर्पण भी कर दिया.

तीन गिरफ्तार, तीन ने किया सरेंडर

पुलिस ने चकिया और पताही थाना क्षेत्रों से तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया. वहीं कोटवा और ढाका थाना क्षेत्रों में कुल तीन फरार आरोपियों ने खुद ही अदालत या थाने में आत्मसमर्पण कर दिया. इसके अलावा तुरकौलिया, मुफ्फसिल, लखौरा, पिपराकोठी, कुण्डवा चैनपुर और घोड़ासहन थाना क्षेत्रों में भी कुर्की की कार्रवाई की गई.

आगे भी जारी रहेगा अभियान

पुलिस अधिकारियों ने साफ कहा है कि फरार अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा. कानून से बचने की कोशिश करने वालों पर इसी तरह सख्त कार्रवाई की जाएगी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Aniket Kumar

अनिकेत बीते 4 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. राजस्थान पत्रिका और न्यूजट्रैक जैसे मीडिया संस्थान के साथ काम करने का अनुभव. एंटरटेनमेंट, हाईपरलोकल और राजनीति की खबरों से अधिक जुड़ाव. वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ कार्यरत.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >