Motihari News: पूर्वी चंपारण जिले के पकड़ीदयाल थाना क्षेत्र अंतर्गत एक बार फिर रफ्तार का कहर देखने को मिला है, जहां कोचिंग से पढ़कर साइकिल से घर लौट रही दो सगी बहनों को एक अनियंत्रित स्कॉर्पियो ने जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बहनें सड़क पर दूर जा गिरीं और गंभीर रूप से घायल हो गईं. इस घटना से आक्रोशित स्थानीय ग्रामीणों ने भाग रहे चालक को स्कॉर्पियो सहित बंधक बना लिया और सड़क जाम कर जमकर हंगामा किया.
हरियाणा नंबर गाड़ी ने मारी टक्कर
हादसे के संदर्भ में स्थानीय ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार, पकड़ीदयाल थाना क्षेत्र के शेखपुरवा गांव निवासी हैदर अली की दो पुत्रियां- सानिया और नसिया पास के परसौनी गांव स्थित एक कोचिंग संस्थान से पढ़ाई पूरी कर साइकिल से वापस अपने घर लौट रही थीं. इसी बीच पताही से शेखपुरवा पथ पर शेखपुरवा गांव के समीप पताही की तरफ से आ रही एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित स्कॉर्पियो (रजिस्ट्रेशन नंबर: HR30N28YU4) ने उन्हें पीछे से जोरदार ठोकर मार दी. दुर्घटना के बाद दोनों गंभीर रूप से घायल होकर लहूलुहान हो गईं.
प्राथमिक उपचार के बाद मुजफ्फरपुर रेफर
हादसे के तुरंत बाद मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण और राहगीर जमा हो गए. ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायल बहनों को तुरंत इलाज के लिए मोतिहारी के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया. अस्पताल में प्राथमिक जांच के बाद डॉक्टरों ने बताया कि छोटी बहन नसिया (13 वर्ष) को गंभीर आंतरिक चोटें आई हैं और उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए तत्काल मुजफ्फरपुर (SKMCH) रेफर कर दिया है. वहीं बड़ी बहन सानिया का इलाज मोतिहारी में ही चल रहा है.
ग्रामीणों ने चालक को बनाया बंधक
ठोकर मारने के बाद स्कॉर्पियो चालक ने वाहन सहित मौके से भागने का प्रयास किया, लेकिन मुस्तैद ग्रामीणों ने पीछा कर गाड़ी को घेर लिया और चालक को बंधक बना लिया. इसके बाद आक्रोशित लोगों ने मुख्य मार्ग को पूरी तरह जाम कर दिया, जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और घंटों आवागमन बाधित रहा.
दो थानों की पुलिस ने खत्म कराया जाम
घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए पकड़ीदयाल और पताही थाने की पुलिस बल दलबल के साथ मौके पर पहुंची. अधिकारियों ने आक्रोशित ग्रामीणों को उचित कानूनी कार्रवाई और मुआवजे का आश्वासन देकर शांत कराया. पुलिस ने बंधक बने चालक को अपने कब्जे में लिया और दुर्घटनाग्रस्त हरियाणा नंबर की स्कॉर्पियो को जब्त कर थाने ले गई, जिसके बाद सड़क जाम को समाप्त कर यातायात बहाल कराया जा सका.
मोतिहारी से सच्चिदानंद सत्यार्थी की रिपोर्ट
