मोतिहारी: उद्योगों का बिछेगा जाल, मुख्यमंत्री उद्यमी योजना से 443 युवाओं को मिलेगा लाभ

मुख्यमंत्री उद्यमी योजना के तहत पूर्वी चंपारण में 443 युवाओं का चयन किया गया है. चयनित लाभार्थियों को ₹10 लाख तक की सहायता देकर 38 प्रकार के उद्योग स्थापित कराए जाएंगे, जिससे जिले में रोजगार और स्वरोजगार को नई गति मिलेगी. जानिए खबर विस्तार से...

मोतिहारी से इन्तेजारुल हक की रिपोर्ट

Motihari News: बिहार सरकार की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री उद्यमी योजना के तहत पूर्वी चंपारण जिले में स्वरोजगार और औद्योगिक विकास को नई रफ्तार मिलने जा रही है. वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए जिले के 443 आवेदनों को स्वीकृति दी गई है. इससे जिले में नए उद्योग स्थापित होंगे और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ेंगे.

38 तरह के उद्योग होंगे स्थापित

चयनित लाभार्थियों द्वारा जिले में कुल 38 श्रेणियों के उद्योग लगाए जाएंगे. इनमें खाद्य प्रसंस्करण (आटा, सत्तू, मसाला उत्पादन), रेडीमेड गारमेंट्स, फर्नीचर निर्माण और निर्माण सामग्री (सीमेंट पोल, ईंट निर्माण) जैसे उद्योग प्रमुख हैं.

₹10 लाख तक की मिलेगी सहायता

योजना के तहत प्रत्येक चयनित उद्यमी को उद्योग स्थापना के लिए ₹10 लाख तक की वित्तीय सहायता दी जाएगी. इसमें 50 प्रतिशत राशि अनुदान (सब्सिडी) के रूप में होगी, जबकि शेष 50 प्रतिशत ब्याज मुक्त ऋण के रूप में उपलब्ध कराया जाएगा. युवा उद्यमियों के लिए ऋण पर मात्र 1 प्रतिशत ब्याज निर्धारित किया गया है.

स्थानीय स्तर पर बढ़ेंगे रोजगार के अवसर

443 नई औद्योगिक इकाइयों के शुरू होने से जिले में सैकड़ों कुशल और अकुशल श्रमिकों को स्थानीय स्तर पर रोजगार मिलेगा. इससे पलायन पर रोक लगाने के साथ जिले की आर्थिक गतिविधियों को भी मजबूती मिलेगी.

प्रशिक्षण के बाद जारी होगी पहली किस्त

जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक शुभम कुमार ने बताया कि चयनित लाभार्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन और प्रशिक्षण पूरा होने के बाद पहली किस्त जारी करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी. उन्होंने कहा कि यह योजना ‘आत्मनिर्भर बिहार’ के लक्ष्य को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Purushottam Kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >