मोतिहारी: महात्मा गांधी केंद्रीय विश्वविद्यालय में पीजी दाखिले की दौड़ शुरू, 12 जून तक करें आवेदन

Motihari News: महात्मा गांधी केंद्रीय विश्वविद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए पीजी पाठ्यक्रमों में नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो गई है. सीयूईटी-पीजी के अभ्यर्थी समर्थ पोर्टल पर 12 जून तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. जानिए पूरी खबर…

Motihari News: महात्मा गांधी केंद्रीय विश्वविद्यालय (एमजीसीयू) ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए विभिन्न स्नातकोत्तर (पीजी) पाठ्यक्रमों में प्रवेश की आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है. सीयूईटी-पीजी 2026 की परीक्षा में शामिल होने वाले और इस विश्वविद्यालय का चयन करने वाले अभ्यर्थी 28 मई से ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं. आवेदन करने की अंतिम तिथि 12 जून निर्धारित की गई है.

विज्ञान, प्रबंधन और सामाजिक विज्ञान सहित कई पाठ्यक्रमों में मौका

विश्वविद्यालय प्रशासन ने विज्ञान, सामाजिक विज्ञान, प्रबंधन, शिक्षा और भारतीय ज्ञान परंपरा से जुड़े विभिन्न रोजगारपरक पाठ्यक्रमों में नामांकन की प्रक्रिया शुरू की है. इनमें एमएससी भौतिकी, रसायन विज्ञान, गणित, वनस्पति विज्ञान, प्राणी विज्ञान, जैव प्रौद्योगिकी के साथ-साथ एमकॉम, एमबीए, एमबीए (फूड एंड एग्रीबिजनेस), एमए संस्कृत, शिक्षा, गांधी एवं शांति अध्ययन और दो वर्षीय एकीकृत मास्टर ऑफ लाइब्रेरी एंड इन्फॉर्मेशन साइंस जैसे महत्वपूर्ण विषय शामिल हैं.

समर्थ पोर्टल पर होगा पंजीकरण, मेरिट के आधार पर होगी ऑफलाइन काउंसलिंग

परीक्षा नियंत्रक प्रो. शिरीष मिश्रा ने बताया कि अभ्यर्थियों को समर्थ पोर्टल (mgcubcuet.samarth.edu.in/pg/) के माध्यम से ऑनलाइन पंजीकरण करना होगा. सामान्य, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के लिए पंजीकरण शुल्क 500 रुपये तथा एससी, एसटी और दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए 200 रुपये तय है. जनसंपर्क अधिकारी शेफालिका मिश्रा के अनुसार, पात्र अभ्यर्थियों को विभाग स्तर पर मेरिट सूची के आधार पर ऑफलाइन काउंसलिंग के लिए आमंत्रित किया जाएगा. विस्तृत दिशा-निर्देश विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट mgcub.ac.in पर उपलब्ध हैं.

मोतिहारी से अमृतेश कुमार की रिपोर्ट

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

सुनील कुमार सिंह प्रभात खबर मल्टीमीडिया में डिप्टी चीफ रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 20 वर्षों का समृद्ध अनुभव है। क्राइम और राजनीति से जुड़ी खबरों पर उनकी मजबूत पकड़ है। वे निष्पक्ष रिपोर्टिंग और गहन विश्लेषण के लिए जाने जाते हैं, जिससे पाठकों को सटीक और भरोसेमंद जानकारी मिलती है।

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >