मोतिहारी के तुरकौलिया से आफताब आलम की रिपोर्ट
Motihari News: तुरकौलिया थाना क्षेत्र के खगनी माई स्थान के समीप गुरुवार को एक दर्दनाक हादसे में किसान अच्छेलाल दास की बिजली के करंट की चपेट में आने से मौत हो गई. घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
बकरियों को पानी पिलाने के लिए गए थे घर के अंदर
जानकारी के अनुसार अच्छेलाल दास ने अपने घर में बिजली से चलने वाला मोटर लगा रखा थे. गुरुवार को वे अपनी पाली हुई बकरियों को पानी पिलाने के लिए मोटर चालू करने घर के अंदर गए. इसी दौरान स्विच ऑन करते समय वे अचानक करंट की चपेट में आ गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई. घटना के समय घर में कोई अन्य सदस्य मौजूद नहीं था.
पत्नी ने देखा तो मचा कोहराम
कुछ देर बाद जब उनकी पत्नी घर लौटीं तो उन्होंने अच्छेलाल दास को मोटर के पास फर्श पर गिरा हुआ देखा. शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी. घटना की सूचना मिलते ही पूरे गांव में मातम पसर गया.
चार बेटों और एक बेटी का सहारा छिना
मृतक अपने पीछे चार पुत्र और एक पुत्री का भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं. एक पुत्र को छोड़कर सभी बच्चों की शादी हो चुकी है. बताया जाता है कि अच्छेलाल दास अपनी पत्नी के साथ अलग घर में रहते थे, जबकि उनके पुत्र और पुत्रवधुएं गांव में ही दूसरे घरों में रहते हैं. अचानक हुई इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.
पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा गया शव
तुरकौलिया थानाध्यक्ष रंजीत कुमार ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है. उन्होंने कहा कि परिजनों से आवेदन मिलने के बाद आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी.
