Motihari News: बापूधाम रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 2 पर मिला अज्ञात शव, जांच में जुटी रेल पुलिस

Motihari News: बापूधाम रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या 2 पर एक 30 वर्षीय अज्ञात युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर सीसीटीवी और जेब से मिली पर्ची के जरिए शिनाख्त शुरू कर दी है. पढ़ें पूरी खबर…

Motihari News: बापूधाम मोतिहारी रेलवे स्टेशन पर गुरुवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब प्लेटफॉर्म संख्या 2 पर एक करीब 30 वर्षीय अज्ञात युवक अचेतावस्था में पाया गया. स्टेशन पर मौजूद यात्रियों ने तत्काल इसकी सूचना रेल पुलिस (जीआरपी) को दी. सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची रेल पुलिस ने युवक को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहाँ चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.

मृतक की पहचान की कोशिशें जारी

घटना के बाद रेल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है. फिलहाल युवक की पहचान पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो सकी है. रेल इंस्पेक्टर संतोष कुमार ने बताया कि मृतक की जेब से एक पर्ची मिली है, जिस पर ‘कृष्ण कुमार, देवीपुर’ लिखा हुआ है. पुलिस इस सुराग के आधार पर शिनाख्त करने का प्रयास कर रही है.

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है पुलिस

युवक की पहचान और मौत की गुत्थी सुलझाने के लिए रेल पुलिस ने उसकी तस्वीर आसपास के सभी थानों और नजदीकी स्टेशनों पर भेज दी है. इसके साथ ही स्टेशन परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि यह पता चल सके कि युवक प्लेटफॉर्म पर कब और किन परिस्थितियों में पहुँचा था. पुलिस मामले की गहनता से छानबीन कर रही है.

मोतिहारी से अमरेश कुमार सिह की रिपोर्ट

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

सुनील कुमार सिंह प्रभात खबर मल्टीमीडिया में डिप्टी चीफ रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 20 वर्षों का समृद्ध अनुभव है। क्राइम और राजनीति से जुड़ी खबरों पर उनकी मजबूत पकड़ है। वे निष्पक्ष रिपोर्टिंग और गहन विश्लेषण के लिए जाने जाते हैं, जिससे पाठकों को सटीक और भरोसेमंद जानकारी मिलती है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >