मोतिहारी: हाईटेंशन तार से पीपल के पेड़ में लगी भीषण आग, बड़ा हादसा टला

Motihari News: बंजरिया के सिंघिया गुमटी चौक पर हाई-टेंशन तार की चपेट में आने से पीपल के पेड़ में भीषण आग लग गई. स्थानीय लोगों की सतर्कता और बिजली विभाग की त्वरित कार्रवाई से बड़ा हादसा टल गया. पढ़ें पूरी खबर…

मोतिहारी के बंजरिया से राज निखिल का रिपोर्ट

Motihari News: बारिश के बीच पूर्वी चंपारण के बंजरिया प्रखंड में शुक्रवार की सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब सिंघिया गुमटी चौक के पास एक विशाल पीपल के पेड़ में अचानक भीषण आग लग गई. आग की लपटें इतनी तेज थीं कि आसपास के लोग दहशत में आ गए. हालांकि समय रहते बिजली आपूर्ति बंद कर दिए जाने से बड़ा हादसा टल गया. घटना साहू चूड़ा मिल के समीप की बताई जा रही है, जहां हाई-टेंशन तार के संपर्क में आने से यह आग लगी.

हाई-टेंशन तार से भड़की आग

स्थानीय लोगों के मुताबिक, सड़क किनारे खड़े पुराने पीपल के पेड़ की डालियां 11 हजार वोल्ट के बिजली तार के संपर्क में आ गई थीं. शुक्रवार सुबह बारिश के दौरान अचानक पेड़ से धुआं उठने लगा और देखते ही देखते आग की ऊंची लपटें निकलने लगीं. आग फैलते ही आसपास मौजूद दुकानदार और राहगीर घबरा गए.

लोगों की सतर्कता से टला बड़ा हादसा

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत बिजली विभाग को सूचना दी. सूचना मिलते ही विभाग ने इलाके की बिजली सप्लाई बंद कर दी, जिससे आग और बड़ा रूप नहीं ले सकी. अगर समय रहते बिजली नहीं काटी जाती तो आसपास के घरों और दुकानों तक आग पहुंच सकती थी.

मौके पर पहुंची बिजली विभाग की टीम

बिजली विभाग के कर्मचारी और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करने में जुट गई. पेड़ में लगी आग को बुझाने का प्रयास किया गया और आसपास के इलाके को सुरक्षित कराया गया. प्रशासन ने लोगों से बारिश के दौरान बिजली तारों और पेड़ों के आसपास सतर्क रहने की अपील की है. फिलहाल इस घटना में किसी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है, लेकिन घटना के बाद इलाके में काफी देर तक दहशत का माहौल बना रहा.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Aniket Kumar

अनिकेत बीते 4 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. राजस्थान पत्रिका और न्यूजट्रैक जैसे मीडिया संस्थान के साथ काम करने का अनुभव. एंटरटेनमेंट, हाईपरलोकल और राजनीति की खबरों से अधिक जुड़ाव. वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ कार्यरत.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >