मोतिहारी: बंजरिया में दिन में छाया अंधेरा, घरों में कैद हुए लोग

Motihari News: मोतिहारी और बंजरिया में शुक्रवार को तेज आंधी, बारिश और गर्जना से जनजीवन प्रभावित हो गया. दिन में अंधेरा छा गया और लोग घरों में कैद रहे. प्रशासन ने सतर्क रहने की अपील की है, जबकि किसान फसलों को लेकर चिंतित हैं. पढे़ं पूरी खबर…

मोतिहारी के बंजरिया से राज निखिल की रिपोर्ट

Motihari News: बारिश के मौसम से पहले ही मोतिहारी और बंजरिया इलाके में मौसम ने अचानक ऐसा रुख बदला कि लोगों की दिनचर्या पूरी तरह प्रभावित हो गई. शुक्रवार सुबह तेज आंधी, गरज और मूसलाधार बारिश ने शहर से लेकर गांव तक लोगों को घरों में रहने पर मजबूर कर दिया. हालात ऐसे बने कि दिन के उजाले में भी अंधेरा छा गया और सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा.

आंधी और बारिश से जनजीवन प्रभावित

सुबह से शुरू हुई तेज बारिश के साथ काले बादलों ने पूरे इलाके को ढक लिया. कई जगहों पर तेज हवा के कारण पेड़ और टिन शेड उड़ने का खतरा बना रहा. वाहन चालकों को दिन में ही गाड़ियों की लाइट जलाकर सफर करना पड़ा. अचानक बदले मौसम ने लोगों को डरा दिया और अधिकांश लोग घरों के अंदर ही दुबके रहे.

बिजली की गर्जना से लोगों में डर

तेज बिजली चमकने और लगातार गरज होने से लोग सहमे नजर आए. स्थानीय लोगों ने बताया कि बारिश के दौरान कई इलाकों में आवाजाही लगभग ठप हो गई. बाजारों और सड़कों पर भीड़ गायब रही. लोग सुरक्षित स्थानों पर रहने की कोशिश करते दिखे.

प्रशासन ने जारी की सतर्कता अपील

मौसम विभाग की चेतावनी के बाद प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है. खासकर जर्जर मकानों और पेड़ों के नीचे खड़े नहीं होने की सलाह दी गई है. अधिकारियों का कहना है कि लगातार बारिश के कारण निचले इलाकों में जलजमाव की स्थिति बन सकती है.

किसानों की बढ़ी चिंता

बारिश और तेज हवा ने किसानों की चिंता भी बढ़ा दी है. किसानों का कहना है कि अगर इसी तरह मौसम बिगड़ा रहा तो फसलों को नुकसान हो सकता है. फिलहाल प्रशासन पूरे हालात पर नजर बनाए हुए है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Aniket Kumar

अनिकेत बीते 4 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. राजस्थान पत्रिका और न्यूजट्रैक जैसे मीडिया संस्थान के साथ काम करने का अनुभव. एंटरटेनमेंट, हाईपरलोकल और राजनीति की खबरों से अधिक जुड़ाव. वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ कार्यरत.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >