मोतिहारी से सुजीत कुमार पाठक की रिपोर्ट
Motihari DM Action: नए जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव ने पदभार ग्रहण करने के साथ ही प्रशासनिक कार्यों को गति देने के लिए समीक्षा शुरू कर दी है. कड़ा रुख अपनाते हुए उन्होंने समाहरणालय मुख्य भवन स्थित स्थापना शाखा, नजारत शाखा, सामान्य शाखा तथा आपदा प्रबंधन शाखा का औचक निरीक्षण किया. डीएम के इस औचक निरीक्षण से समाहरणालय परिसर के कर्मियों में पूरे दिन हड़कंप की स्थिति बनी रही.
लॉग बुक मेंटेन करने का निर्देश, फाइलों की होगी निगरानी
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विभिन्न शाखाओं में कार्यरत कर्मियों से सीधे बातचीत कर उनका परिचय प्राप्त किया और उन्हें आवंटित कार्यों की प्रगति की जानकारी ली. उन्होंने कार्यालय के प्रधान सहायक को कार्य पुस्तिका (लॉग बुक) का समुचित और दैनिक संधारण सुनिश्चित करने का कड़ा निर्देश दिया. डीएम ने कहा कि लॉग बुक से यह पूरी तरह स्पष्ट होना चाहिए कि किस सहायक के पास कितनी फाइलें और कार्य लंबित हैं, ताकि उसकी प्रभावी निगरानी की जा सके.
कार्यालयी कार्य-संस्कृति में सुधार और समय पालन पर जोर
जिलाधिकारी ने समाहरणालय परिसर को साफ-सुथरा बनाए रखने और दलालों या अनावश्यक बाहरी व्यक्तियों के प्रवेश पर पूरी तरह रोक लगाने के निर्देश दिए. उन्होंने कार्यालयी कार्य-संस्कृति में आवश्यक सुधार लाने पर जोर देते हुए सभी अधिकारियों और कर्मियों को निर्धारित समय पर कार्यालय पहुंचने तथा बायोमेट्रिक उपस्थिति दर्ज करने को अनिवार्य कहा. डीएम ने स्पष्ट किया कि जनता से प्राप्त आवेदनों का गुणवत्तापूर्ण और त्वरित निष्पादन ही उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए.
नियमित रूप से होगा दफ्तरों का औचक निरीक्षण
डीएम सौरभ सुमन यादव ने साफ लहजे में चेतावनी दी कि सभी सरकारी कार्यालयों का समय-समय पर औचक निरीक्षण किया जाएगा और लंबित कार्यों की नियमित समीक्षा होगी. कार्यों में लापरवाही बरतने वाले कर्मियों को बख्शा नहीं जाएगा. निरीक्षण के दौरान अपर समाहर्ता मुकेश कुमार सिंहा, सहायक समाहर्ता राज कृष्ण झा, वरीय उप समाहर्ता प्रेमलता, प्रभारी पदाधिकारी अखिलेश कुमार तथा जिला जनसंपर्क पदाधिकारी ज्ञानेश्वर प्रकाश मुख्य रूप से उपस्थित थे.
