धार्मिक आस्था की आड़ में चेन स्नैचिंग, कलश यात्रा से 9 महिला चोर गिरफ्तार

Motihari Chain Snatching: श्री लक्ष्मीनारायण महायज्ञ की कलश यात्रा में महिलाओं के गले से मंगलसूत्र चोरी करने वाले संगठित महिला गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ कर नौ महिलाओं को गिरफ्तार किया है. कार्रवाई में चोरी के तीन मंगलसूत्र बरामद हुए हैं. पुलिस गिरोह के अंतरराज्यीय नेटवर्क की जांच कर रही है.

मोतिहारी से अमरेश वर्मा की रिपोर्ट

Motihari Chain Snatching: पूर्वी चंपारण के पिपरा थाना क्षेत्र में आयोजित श्री लक्ष्मीनारायण महायज्ञ की कलश यात्रा में महिलाओं के गले से आभूषण चोरी करने वाले एक संगठित महिला गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है. कार्रवाई के दौरान नौ महिला चोरों को गिरफ्तार किया गया है. उनके कब्जे से चोरी के तीन मंगलसूत्र बरामद किए गए हैं. गिरफ्तार सभी महिलाएं उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों की रहने वाली हैं.

कलश यात्रा में श्रद्धालुओं के बीच सक्रिय था गिरोह

पुलिस के अनुसार एक जुलाई की सुबह करीब 9:30 बजे सूचना मिली कि सागर गांव में निकाली जा रही कलश यात्रा के दौरान 8 से 10 महिलाओं का गिरोह श्रद्धालुओं के बीच घुसकर महिलाओं के गले से मंगलसूत्र और अन्य आभूषण उड़ा रहा है. सूचना मिलते ही पिपरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची. इस दौरान श्रद्धालुओं ने एक संदिग्ध महिला को पकड़ रखा था, जिसके आधार पर पुलिस ने गिरोह की अन्य महिलाओं को भी हिरासत में ले लिया.

तलाशी में तीन मंगलसूत्र बरामद

गिरफ्तार महिलाओं की तलाशी के दौरान पुलिस ने तीन चोरी के मंगलसूत्र बरामद किए. इनमें कथई रंग की गुरिया वाला एक मंगलसूत्र, काला-पीला गुरिया वाला एक बड़ा मंगलसूत्र तथा पीले रंग की माला में लगे सोने जैसे तीन छोटे लटकनों वाला मंगलसूत्र शामिल है. बरामद सभी आभूषणों को पुलिस ने जब्त कर लिया है.

धार्मिक आयोजनों को बनाती थीं निशाना

प्रारंभिक पूछताछ में पुलिस को जानकारी मिली है कि यह गिरोह धार्मिक अनुष्ठानों, मेलों और भीड़भाड़ वाले आयोजनों में महिलाओं के बीच घुसकर गले और कान के आभूषण चोरी करता था. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गिरोह ने पूर्वी चंपारण सहित अन्य जिलों में भी ऐसी घटनाओं को अंजाम दिया है या नहीं.

अंतरराज्यीय नेटवर्क की जांच शुरू

पिपरा थाना में कांड संख्या 274/26 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 304(2), 112(2) एवं 3(5) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है. पुलिस गिरफ्तार महिलाओं से पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों, उनके ठिकानों और अंतरजिला व अंतरराज्यीय नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है. अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ में कई और महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना है.

यह भी पढ़ें: साइबर ठगी का नया मामला, चार UPI ट्रांजेक्शन में साफ हो गए दो लाख रुपये

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Purushottam Kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >